फर्रुखाबाद की जेसिका बनीं वीरगाथा सुपर-100 विजेता, रानी लक्ष्मीबाई की पेंटिंग से राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ाया जिले का मान
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। जिले की प्रतिभाशाली छात्रा जेसिका सक्सेना ने राष्ट्रीय स्तर की वीरगाथा 5.0 प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर फर्रुखाबाद का नाम रोशन किया है। मदन मोहन कनौडिया इंटर कॉलेज में कक्षा 11 की छात्रा जेसिका का चयन वीरगाथा सुपर-100 में हुआ है। उन्होंने महारानी लक्ष्मीबाई पर आधारित प्रभावशाली पेंटिंग बनाकर यह उपलब्धि हासिल की, जो जिला स्तर से होते हुए राज्य और फिर राष्ट्रीय स्तर पर चयनित हुई।
पेंटिंग के राष्ट्रीय स्तर पर चयन के बाद जेसिका को नई दिल्ली स्थित डीआरडीओ भवन के ऑडिटोरियम में आयोजित सम्मान समारोह में आमंत्रित किया गया। कार्यक्रम में रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और शिक्षा राज्य मंत्री जयंत चौधरी ने जेसिका को मेडल, प्रशस्ति पत्र और ₹10,000 की नकद राशि प्रदान कर सम्मानित किया। इस उपलब्धि ने न केवल जेसिका बल्कि पूरे जिले को गौरवान्वित किया है।
सम्मान प्राप्त कर फर्रुखाबाद लौटने पर जेसिका का उनके मोहल्ला बजरिया में परिजनों और स्थानीय लोगों ने फूल-मालाओं के साथ गर्मजोशी से स्वागत किया। बेटी की सफलता से परिवार में खुशी का माहौल रहा। पिता राजीव सक्सेना ने बताया कि उनके तीन बच्चे हैं—दो बेटियां और एक बेटा—और जेसिका की इस उपलब्धि पर उन्हें गर्व है। वहीं मां ने पदक मिलने पर जेसिका को मिठाई खिलाकर आशीर्वाद दिया।
परिजनों के अनुसार जेसिका शुरू से ही पढ़ाई में मेधावी रही हैं। इससे पहले वह हाईस्कूल परीक्षा में भी टॉप कर चुकी हैं। पढ़ाई के साथ-साथ कला में उनकी रुचि और मेहनत ने उन्हें राष्ट्रीय पहचान दिलाई है।
वीरगाथा प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में देशभक्ति की भावना को प्रोत्साहित करना और भारत की वीर परंपरा से उन्हें जोड़ना है। इस वर्ष सुपर-100 में कुल 64 छात्राओं का चयन हुआ, जो छात्राओं की बढ़ती प्रतिभा और सहभागिता को दर्शाता है। जेसिका की सफलता आने वाली पीढ़ी के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है।






