ब्राह्मण जिस दल में, सत्ता उसी की, सपा जिलाध्यक्ष के बयान से गरमाई राजनीति
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। समाजवादी पार्टी (सपा) के जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा दावा करते हुए कहा है कि ब्राह्मण समाज जिस पार्टी के साथ खड़ा होता है, वही पार्टी सत्ता में आती है। उनका कहना है कि वर्तमान समय में बड़ी संख्या में ब्राह्मण समाज के लोग समाजवादी पार्टी से जुड़ रहे हैं, जिससे आगामी विधानसभा चुनाव में सपा की सरकार बनने का रास्ता साफ दिखाई दे रहा है।
चंद्रपाल सिंह यादव ने कहा कि ब्राह्मण समाज राजनीतिक रूप से सजग और दूरदर्शी माना जाता है। उनका तर्क है कि ब्राह्मण पहले ही यह आकलन कर लेते हैं कि किस पार्टी की सरकार बनने वाली है और उसी के अनुरूप अपना समर्थन देते हैं। उन्होंने दावा किया कि यही कारण है कि आज ब्राह्मण समाज के लोग दूसरी पार्टियों को छोड़कर समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर रहे हैं।
सपा जिलाध्यक्ष ने उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक के हालिया बयानों पर भी तीखा पलटवार किया। उन्होंने कहा कि यदि बृजेश पाठक भाजपा छोड़ दें, तो वे अपने दम पर वार्ड मेंबर का चुनाव तक नहीं जीत पाएंगे। इस बयान के जरिए यादव ने भाजपा नेताओं की जनाधार को लेकर सवाल खड़े किए।
इसके साथ ही उन्होंने उपमुख्यमंत्री द्वारा मुसलमान समुदाय को लेकर दिए गए बयानों पर भी आपत्ति जताई। यादव ने कहा कि मुसलमानों को लेकर बार-बार बयानबाजी करना यह दर्शाता है कि भाजपा नेताओं को इस समुदाय से अनावश्यक परेशानी है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर मुसलमान समाज को लेकर उनके “पेट में दर्द” क्यों हो रहा है।
चंद्रपाल सिंह यादव ने दोहराया कि समाजवादी पार्टी सभी वर्गों को सम्मान देने वाली पार्टी है और ब्राह्मण समाज को भी सपा में पूरा मान-सम्मान मिल रहा है। उन्होंने कहा कि यही वजह है कि ब्राह्मण समाज का रुझान तेजी से सपा की ओर बढ़ रहा है।
अंत में सपा जिलाध्यक्ष ने पूरे विश्वास के साथ कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी सत्ता में लौटेगी। उनके अनुसार, ब्राह्मण समाज का बढ़ता समर्थन इस बात का संकेत है कि प्रदेश की राजनीति में बड़ा बदलाव आने वाला है।






