नवाबगंज मार्ग पर सनसनी: खेत में मिला 29 वर्षीय युवक का शव
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। थाना क्षेत्र के गांव मझना मार्ग पर बघार पुल के पास बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक खेत में युवक का शव पड़ा होने की जानकारी ग्रामीणों को मिली। सुबह करीब सात बजे खेत की ओर गए ग्रामीणों ने शव देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
पुलिस जांच में मृतक की पहचान जनपद शाहजहांपुर के थाना जलालाबाद क्षेत्र अंतर्गत मोहल्ला नौसारा निवासी 29 वर्षीय राजीव पुत्र धर्मपाल के रूप में हुई। राजीव पेपर वितरण का कार्य करता था। शव की शिनाख्त मृतक की जेब से मिले पर्स के आधार पर की गई। वहीं उसकी बाइक मझना पुल के नीचे पड़ी हुई मिली, जिससे घटनास्थल को लेकर कई सवाल खड़े हो गए।
सूचना मिलते ही एसआई रामसिंह, कांस्टेबल हर्षित चौहान, अनिल शर्मा और कमल गंगवार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नवाबगंज भिजवाया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई गई।
परिजनों के अनुसार राजीव मंगलवार को नवाबगंज बाईपास स्थित अपने मित्र छोटे लाला के ढाबे के उद्घाटन समारोह में शामिल होने आया था। रात करीब आठ बजे वह अपनी बाइक से घर के लिए रवाना हुआ, लेकिन देर रात तक घर नहीं पहुंचा। संपर्क न होने पर परिजन चिंतित हो गए और रात लगभग 12 बजे कार से उसकी तलाश भी की, हालांकि कोई सुराग नहीं मिल सका।
बुधवार सुबह शव मिलने की सूचना पर परिजन सीएचसी नवाबगंज पहुंचे। शव देखते ही पत्नी पंखी देवी, पुत्र आर्यन सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक अपने पीछे पत्नी पंखी देवी, 18 वर्षीय पुत्री गुनगुन, 16 वर्षीय पुत्र आर्यन, 13 वर्षीय सूर्यांश, 8 वर्षीय शिवांश और 5 वर्षीय तनिष को छोड़ गया है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक तौर पर मामला दुर्घटना या किसी अन्य कारण से जुड़ा माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।






