लोहिया अस्पताल के पास चाइनीज मांझा बेचते युवक की गिरफ्तारी, 11 चरखियां जब्त
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। जनपद में प्रतिबंध के बावजूद चाइनीज मांझा की अवैध बिक्री थमने का नाम नहीं ले रही है। पुलिस ने मंगलवार रात लोहिया ग्राउंड स्थित मंदिर के पास से एक व्यक्ति को चाइनीज मांझा बेचते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 11 चरखियां चाइनीज मांझा बरामद की गई हैं, जिन्हें सील कर कब्जे में ले लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, कादरीगेट थाना क्षेत्र में लोहिया ग्राउंड मंदिर के पास एक व्यक्ति द्वारा बैग में चाइनीज मांझा की बिक्री की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। हल्की रोशनी में सड़क किनारे खड़े एक व्यक्ति को देखकर पुलिस ने घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही वह घबरा गया, जिसके बाद उसे पकड़ लिया गया।
तलाशी लेने पर उसके बैग से 11 प्लास्टिक की चरखियां चाइनीज मांझा बरामद हुईं। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम विजय पुत्र दिवारीलाल, उम्र लगभग 45 वर्ष, निवासी सलामत खां, थाना कोतवाली फर्रुखाबाद बताया। आरोपी ने स्वीकार किया कि वह चाइनीज मांझा बेचने के इरादे से आया था और गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगने लगा।
पुलिस ने बरामद नीले बैग सहित सभी 11 चरखियों को सफेद कपड़े में लपेटकर सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आसपास के इलाकों में भी सघन चेकिंग की और अलग-अलग क्षेत्रों से करीब एक दर्जन युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि चाइनीज मांझा से होने वाली दुर्घटनाओं को देखते हुए अवैध बिक्री के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।






