अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत, शाहजहांपुर बाईपास पर हुआ हादसा
Share your love

संवाद 24, शाहजहांपुर जिले के अल्लाहगंज बाईपास पर शुक्रवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। अज्ञात वाहन की टक्कर से गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान अल्लाहगंज थाना क्षेत्र के गांव बेला खेड़ा निवासी नितिन के रूप में हुई है। नितिन मजदूरी कर जीवनयापन करता था और शुक्रवार को अल्लाहगंज कस्बे में काम करने के बाद अपनी बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान बाईपास पर किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे राहगीरों ने नितिन को गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया और परिजनों को सूचना दी। हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उसे लोहिया अस्पताल फर्रुखाबाद रेफर किया, जहां इमरजेंसी में इलाज के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया गया कि हादसे के समय नितिन ने हेलमेट नहीं पहना था। लोहिया अस्पताल की मॉर्च्युरी में मौजूद मृतक के भाई संजय श्रीवास्तव ने बताया कि नितिन अविवाहित था और परिवार का सहारा था। उसकी अचानक मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। घटना के बाद से क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है।






