चौमूं में आधी रात को भड़की सांप्रदायिक अशांति, पुलिस पर पथराव के बाद हालात काबू में, इंटरनेट ठप
Share your love

संवाद 24 जयपुर। जयपुर जिले के चौमूं कस्बे में शुक्रवार देर रात उस वक्त तनावपूर्ण हालात बन गए, जब एक धार्मिक स्थल के पास सड़क किनारे पड़े पत्थरों को हटाने की कार्रवाई को लेकर विवाद भड़क उठा। देखते ही देखते मामला उग्र हो गया और कुछ उपद्रवी तत्वों ने पुलिस बल पर पथराव शुरू कर दिया। घटना में कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं।
पुलिस के अनुसार, सड़क पर लंबे समय से पड़े पत्थरों के कारण यातायात बाधित हो रहा था और आए दिन जाम की स्थिति बनती थी। इसी समस्या के समाधान के लिए नगर प्रशासन द्वारा पत्थर हटाने का कार्य किया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान स्थानीय स्तर पर विरोध बढ़ा और देर रात भीड़ जमा हो गई।
स्थिति बिगड़ने पर उपद्रवियों ने पुलिस को निशाना बनाते हुए भारी पत्थरबाजी की। हालात काबू से बाहर होते देख पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े और लाठीचार्ज करना पड़ा। कड़ी मशक्कत के बाद कुछ घंटों में स्थिति पर नियंत्रण पा लिया गया।
तनाव की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और खुद मोर्चा संभाला। इसके बाद संवेदनशील इलाकों, विशेषकर बस स्टैंड और आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया। पूरा क्षेत्र फिलहाल पुलिस छावनी में तब्दील है और लगातार निगरानी रखी जा रही है।
शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए चौमूं क्षेत्र में इंटरनेट सेवाओं पर अस्थायी रोक लगा दी है। आदेश के अनुसार, 26 दिसंबर सुबह 7 बजे से 27 दिसंबर सुबह 7 बजे तक इंटरनेट बंद रहेगा।
प्रशासन ने आमजन से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है। स्थिति फिलहाल नियंत्रण में बताई जा रही है, हालांकि सुरक्षा व्यवस्था सख्त बनी हुई






