दिनदहाड़े मर्डर से दहला होशियारपुर: जिम जा रहे युवक पर कार सवार ने बरसाईं गोलियां, मौके पर मौत
Share your love

संवाद 24 पंजाब। पंजाब के होशियारपुर जिले में मंगलवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब कस्बा हरियाना में एक युवक की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई। पेट्रोल पंप के पास स्कूटी से जिम जा रहे युवक पर कार सवार हमलावर ने ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी कार समेत फरार हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावर ने पहले युवक पर लगातार 3–4 गोलियां चलाईं। गोली लगते ही युवक सड़क पर गिर पड़ा। इसके बाद आरोपी दोबारा मौके पर लौटा और जमीन पर पड़े युवक पर फिर 4–5 गोलियां दाग दीं। इस निर्मम हमले में युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। फायरिंग की आवाज से पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
मृतक की पहचान गांव कंगमाई निवासी अब्दुल के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू की। पुलिस ने मौके से गोलियों के आठ खोखे बरामद किए हैं। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल होशियारपुर के शव गृह में रखवाया गया है।
अब्दुल के साथ स्कूटी पर मौजूद उसके दोस्त जीत ने बताया कि दोनों मंगलवार शाम करीब चार बजे जिम जा रहे थे। जैसे ही वे हरियाना के पेट्रोल पंप के पास पहुंचे, पीछे से आई एक आल्टो कार में सवार व्यक्ति ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। जीत के अनुसार, उनका किसी से कोई विवाद या दुश्मनी नहीं थी, जिससे हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो पा रही है।
परिजनों के अनुसार, अब्दुल के पिता का पहले ही निधन हो चुका है। परिवार में उसकी दो बहनें हैं, जबकि उसकी मां उत्तर प्रदेश में रहती हैं। अचानक हुई इस हत्या से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज, चश्मदीदों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हमलावर की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के कारणों का खुलासा हो सकेगा।






