पॉश रेस्टोरेंट्स की थाली में परोसी जा रही थी ‘गंदगी’? मुंबई के मैकडॉनल्ड्स और 98 साल पुराने रेडियो क्लब समेत 13 ठिकानों पर FDA का बड़ा हंटर

संवाद 24 महाराष्ट्र। मायानगरी मुंबई के सबसे प्रतिष्ठित और महंगे इलाकों में शुमार दक्षिण मुंबई (कुलाबा व नरीमन पॉइंट) में बाहर खाने के शौकीनों के लिए एक चौंकाने वाली और आंखें खोल देने वाली खबर सामने आई है। यदि आप भी बड़े-बड़े ब्रांड्स और पॉश क्लबों की चकाचौंध देखकर उनके भोजन की शुद्धता और स्वच्छता पर आंख मूंदकर भरोसा करते हैं, तो यह खबर आपको सावधान करने के लिए काफी है। महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने खाद्य सुरक्षा, स्वच्छता और सार्वजनिक स्वास्थ्य नियमों की घोर अनदेखी को लेकर बेहद सख्त रुख अपनाया है। आईएएस अधिकारी और FDA आयुक्त तुकाराम मुंढे के नेतृत्व में की गई ताबड़तोड़ छापेमारी के बाद मशहूर फास्ट-फूड चेन मैकडॉनल्ड्स के कियोस्क और 98 साल पुराने ऐतिहासिक बॉम्बे प्रेसिडेंसी रेडियो क्लब सहित कुल 13 बड़े प्रतिष्ठानों के खाद्य लाइसेंस निलंबित (Suspend) कर दिए गए हैं।

चकाचौंध के पीछे कॉकरोच और गंदगी का साम्राज्य
महाराष्ट्र FDA की टीम जब कुलाबा के मेट्रो हाउस स्थित मैकडॉनल्ड्स फैमिली रेस्टोरेंट कियोस्क (हार्डकैसल रेस्टोरेंट्स प्राइवेट लिमिटेड) की जांच करने पहुंची, तो वहां का नजारा बेहद चिंताजनक था। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को सीधे किचन एरिया में जिंदा कॉकरोच, खाद्य सामग्री के अनुचित भंडारण और गंभीर अस्वच्छता मिली। जांच में यह भी सामने आया कि कर्मचारी गंदे जूते-चप्पल और मैले सफाई के कपड़ों को छूने के बाद बिना हाथ धोए ही रेडी-टू-ईट भोजन तैयार कर रहे थे। इतना ही नहीं, आउटलेट द्वारा पूर्व में 148 पन्नों की एक अनुपालन रिपोर्ट सौंपकर दावा किया गया था कि सभी कमियां दूर कर ली गई हैं, लेकिन दोबारा जांच में पाया गया कि 20 में से 18 खामियां जस की तस थीं। इस गंभीर धोखाधड़ी और नियमों के उल्लंघन के चलते इसका खाद्य लाइसेंस तुरंत प्रभाव से निलंबित कर उत्पादन व बिक्री पर रोक लगा दी गई।

98 साल पुराने ‘रेडियो क्लब’ और ‘स्टेटस’ में भी नियमों की धज्जियां
कुलाबा के ऐतिहासिक और प्रतिष्ठित बॉम्बे प्रेसिडेंसी रेडियो क्लब की किचन में जांच दल को खुले बर्तनों के ऊपर भिनभिनाती मक्खियां, मरे हुए कॉकरोच और पेस्ट-कंट्रोल ट्रैप मिले। जिस स्थान पर खाना पकाया जा रहा था, वहां की छत का प्लास्टर उखड़ रहा था और खाने की चीजों के ठीक पास केमिकल और डिटर्जेंट पाउडर रखे हुए थे। क्लब की नॉन-कम्प्लायंस दर 47 प्रतिशत पाई गई, जिसके बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की धारा 32(3) के तहत इसका लाइसेंस निलंबित कर दिया गया। उधर, नरीमन पॉइंट स्थित प्रसिद्ध स्टेटस रेस्टोरेंट में एक ग्राहक की शिकायत पर जब छापेमारी हुई, तो वहां किचन कर्मी को धुले हुए साफ बर्तनों के ऊपर ही मुंह धोते पाया गया। इसके अलावा वेज और नॉन-वेज तथा कच्चे-पके खाने के भंडारण में भारी लापरवाही सामने आई।

पूरे राज्य में 89 प्रतिष्ठानों पर रेड, 13 के लाइसेंस रद्द
FDA आयुक्त तुकाराम मुंढे के कड़े निर्देशों के तहत 19 और 20 अगस्त को पूरे महाराष्ट्र में विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान:
1- राज्यभर के 89 होटल, रेस्टोरेंट और ढाबों की सघन जांच की गई।
2- नियमों में मामूली कमी पाने वाले 71 प्रतिष्ठानों को सुधार नोटिस (Improvement Notice) जारी किया गया।
3- गंभीर लापरवाही बरतने वाले 13 प्रतिष्ठानों के लाइसेंस तुरंत निलंबित कर दिए गए।
मुंबई के अलावा खार जिमखाना के रजिस्ट्रेशन को भी बर्तनों की धुलाई के लिए गर्म पानी न होने और डीप-फ्रीज मेंटेनेंस की कमी के कारण निलंबित किया गया है। इसके अलावा मलाड के नोवारा, सांताक्रूज के बजरंग स्वीट मार्ट, अंधेरी के एएसएम होटल्स तथा नागपुर, नासिक, अमरावती और संभाजीनगर के कई आउटलेट्स पर भी सख्त कार्रवाई की गई है।

Madhvi Singh
Madhvi Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *