“मेरा बेटा ऐसा कर ही नहीं सकता” – बोंडी बीच गोलीकांड के बाद मां का दावा, 15 की मौत से सिडनी सन्न

Share your love

संवाद 24। डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली।

ऑस्ट्रेलिया के सिडनी स्थित बोंडी बीच पर यहूदी त्योहार के एक कार्यक्रम की तैयारियों के दौरान हुई भीषण गोलीबारी ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। इस हमले में कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। ऑस्ट्रेलियाई पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जांच में पुलिस ने बताया कि गोलीबारी की वारदात को अंजाम देने वाले दो हमलावर पिता-पुत्र थे। सख्त बंदूक नियंत्रण कानूनों के लिए पहचाने जाने वाले ऑस्ट्रेलिया में बीते करीब 30 वर्षों में यह सबसे घातक फायरिंग की घटना मानी जा रही है।

एक हमलावर ढेर, दूसरा अस्पताल में

न्यू साउथ वेल्स पुलिस आयुक्त माल लैन्योन के अनुसार, 50 वर्षीय हमलावर साजिद अकरम को मौके पर ही पुलिस ने मार गिराया। वहीं, उसका 24 वर्षीय बेटा नवीद अकरम गोली लगने से घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है।

पाकिस्तानी नागरिक होने का दावा

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स में अमेरिकी खुफिया एजेंसियों से जुड़े सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि दोनों हमलावर पाकिस्तानी नागरिक थे। इस बीच साजिद अकरम के न्यू साउथ वेल्स ड्राइविंग लाइसेंस की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

मां का बयान बना चर्चा का केंद्र

घटना के बाद नवीद की मां वेरेना से पुलिस ने पूछताछ की। उन्होंने अपने बेटे पर लगे आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा, “मेरा बेटा ऐसा कर ही नहीं सकता।”
वेरेना के मुताबिक, नवीद ने हाल ही में राजमिस्त्री की नौकरी खो दी थी और घटना से कुछ घंटे पहले उसने परिवार से फोन पर बात की थी। मां का दावा है कि बेटे ने उन्हें बताया था कि वह तैराकी और स्कूबा डाइविंग करके लौटा है और गर्मी के कारण घर पर ही रहने वाला है।

उन्होंने कहा कि उन्हें यकीन नहीं होता कि नवीद इस तरह की हिंसा में शामिल हो सकता है। “वह बहुत अच्छा लड़का है, हर मां अपने बेटे को उसके जैसा ही चाहती है,” वेरेना ने कहा।

10 मिनट तक बरसी गोलियां

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रविवार को बोंडी बीच लोगों से खचाखच भरा हुआ था। हमलावरों ने करीब 10 मिनट तक अंधाधुंध फायरिंग की, जिससे अफरा-तफरी मच गई। लोग जान बचाने के लिए समुद्र तट और आसपास की सड़कों पर इधर-उधर भागते नजर आए।

पुलिस के मुताबिक, जिस हनुक्का कार्यक्रम को निशाना बनाया गया, उसमें करीब 1,000 लोग शामिल होने वाले थे। यह आयोजन समुद्र तट के पास स्थित एक छोटे पार्क में हो रहा था।

फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां हर एंगल से जांच कर रही हैं और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हमला सुनियोजित था या इसके पीछे कोई और साजिश है।

Samvad 24 Office
Samvad 24 Office

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News