घने कोहरे ने रोकी उड़ानों की रफ्तार, एअर इंडिया विमान ने लगाए 17 चक्कर, आखिर दिल्ली किया गया डायवर्ट
Share your love

संवाद 24 लखनऊ। राजधानी लखनऊ में घने कोहरे ने शुक्रवार को हवाई यातायात को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर एअर इंडिया एक्सप्रेस के एक विमान को लैंडिंग के लिए आसमान में करीब 17 चक्कर लगाने पड़े, लेकिन दृश्यता बेहद कम होने के कारण उसे उतरने की अनुमति नहीं मिल सकी। अंततः विमान को दिल्ली के लिए डायवर्ट करना पड़ा।
एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक दिल्ली से सुबह 6:30 बजे लखनऊ पहुंचने वाली एअर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान संख्या IX-2171 घने कोहरे के कारण रनवे पर नहीं उतर सकी। कम विजिबिलिटी के चलते एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने सुरक्षा कारणों से लैंडिंग की अनुमति नहीं दी। लंबे समय तक हवा में चक्कर काटने के बाद विमान को वापस दिल्ली भेज दिया गया।
यह वही विमान था, जिसे लखनऊ से सुबह 8 बजे रियाद के लिए रवाना होना था। कोहरे की वजह से शेड्यूल पूरी तरह बिगड़ गया और रियाद जाने वाली एअर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान संख्या IX-189 को रद्द करना पड़ा।
कोहरे के असर से अन्य उड़ानें भी घंटों देरी से संचालित हुईं। हैदराबाद से दोपहर 1:55 बजे लखनऊ पहुंचने वाली इंडिगो की उड़ान 6E-453 शाम 4:50 बजे पहुंची। पटना से शाम 4:10 बजे आने वाली इंडिगो फ्लाइट 6E-925 शाम 5:30 बजे लखनऊ पहुंच सकी। लखनऊ से बेंगलुरु जाने वाली इंडिगो की उड़ान 6E-435 शाम 4:50 बजे के बजाय करीब एक घंटे देरी से रवाना हुई।
इसी तरह लखनऊ से पुणे जाने वाली इंडिगो की उड़ान 6E-118 और रस अल खेमा जाने वाली एअर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान IX-124 भी तय समय से काफी देर से उड़ान भरने की स्थिति में रहीं।
अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर भी कोहरे का असर साफ दिखाई दिया। रियाद से आने वाली फ्लाइनेस की उड़ान XY-333 सुबह 9 बजे के बजाय दोपहर 2:25 बजे तक पहुंचने की संभावना जताई गई। झारसुगुड़ा से आने वाली स्टार एयर की उड़ान भी करीब ढाई घंटे की देरी से लखनऊ पहुंची।
लखनऊ से दम्माम जाने वाली फ्लाइनेस की उड़ान XY-897 सुबह 6:15 बजे के बजाय दोपहर करीब 3 बजे रवाना हुई। गुवाहाटी, मस्कट, रियाद, किशनगढ़ और बेंगलुरु जाने वाली कई इंडिगो, एअर इंडिया एक्सप्रेस और ओमान एयर की उड़ानें भी निर्धारित समय से एक से तीन घंटे तक देरी से चलीं।
एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार कोहरे के कारण विजिबिलिटी लगातार बेहद कम बनी हुई है, जिससे आने वाले समय में भी उड़ानों के संचालन पर असर पड़ सकता है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे एयरपोर्ट पहुंचने से पहले अपनी फ्लाइट की स्थिति की जानकारी जरूर प्राप्त कर लें।






