राशन कोटे के चुनाव पर सवाल : नदौरा के ग्रामीणों ने डीएम से की गोपनीय मतदान की मांग, धांधली का आरोप
Share your love

संवाद 24 संवादाता। जनपद के बढ़पुर क्षेत्र अंतर्गत नदौरा गांव के सिंगतुइया मौजा में राशन कोटे के चुनाव को लेकर विवाद गहरा गया है। ग्रामीणों ने चुनाव प्रक्रिया में धांधली का आरोप लगाते हुए मंगलवार को फतेहगढ़ स्थित जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी को शिकायती पत्र सौंपा। ग्रामीणों ने चुनाव को बैलेट पेपर के माध्यम से गोपनीय तरीके से कराए जाने की मांग की है।
शिकायत में बताया गया कि 29 दिसंबर 2025 को गांव में राशन कोटे के चयन के लिए बैठक आयोजित की गई थी, लेकिन इस दौरान निर्धारित मानकों का पालन नहीं किया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि मतदान के लिए हाथ उठाने को कहा गया, जिससे निष्पक्षता प्रभावित हुई।
ग्रामीणों का कहना है कि आर्थिक रूप से कमजोर और साधारण लोग सामाजिक दबाव अथवा भय के कारण खुले तौर पर हाथ उठाकर मतदान नहीं कर पाते, जिससे वास्तविक जनमत सामने नहीं आ सका। उनका आरोप है कि इस प्रक्रिया से एक पक्ष विशेष को लाभ पहुंचाने का प्रयास किया गया।
ग्रामीणों ने वर्तमान ग्राम प्रधान लल्लू पर भी सहयोग न करने और जनभावनाओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि मौजूदा व्यवस्था में पारदर्शिता का अभाव है, जिससे गांव में असंतोष की स्थिति बन रही है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि राशन कोटे का चुनाव बैलेट पेपर के माध्यम से गोपनीय मतदान द्वारा कराया जाए, ताकि बिना दबाव के सही कोटेदार का चयन हो सके। जिलाधिकारी कार्यालय की ओर से मामले को संज्ञान में लेकर जांच और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने की बात कही गई है।






