नए साल पर हुड़दंग मचाया तो खैर नहीं, पुलिस का सख्त सुरक्षा प्लान लागू
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। नव वर्ष के जश्न को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने के लिए पुलिस प्रशासन ने कमर कस ली है। नए साल की रात किसी भी तरह के हुड़दंग, लापरवाही या कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के लिए सख्त चेतावनी जारी की गई है। पुलिस ने साफ कर दिया है कि नियम तोड़ने वालों को सीधे हवालात की हवा खानी पड़ेगी।
डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने बताया कि नव वर्ष को लेकर व्यापक सुरक्षा प्लान तैयार किया गया है। शहर को सुरक्षा की दृष्टि से 6 जोन और 18 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक जोन की जिम्मेदारी संबंधित एसीपी को सौंपी गई है, जबकि सेक्टर स्तर पर पुलिस बल की तैनाती की गई है।
नए साल के जश्न में शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर विशेष नजर रखी जा रही है। शहर के प्रमुख चौराहों और सड़कों पर ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया गया है। इसके अलावा तेज रफ्तार से वाहन दौड़ाने और स्टंट करने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए प्रमुख मार्गों पर जिग-जैग बैरिकेडिंग की गई है, ताकि वाहनों की गति नियंत्रित की जा सके और किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। पुलिस की पैदल और मोबाइल टीमें लगातार गश्त करेंगी।
पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे नए साल का स्वागत जिम्मेदारी और संयम के साथ करें। कानून का पालन करें और दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें। पुलिस का उद्देश्य जश्न में बाधा डालना नहीं, बल्कि सभी के लिए नव वर्ष को सुरक्षित और यादगार बनाना है।






