उत्तराखंड में बड़ा सड़क हादसा : अल्मोड़ा में 160 फीट गहरी खाई में गिरी बस, 7 की मौत, 12 यात्री गंभीर

संवाद 24 नैनीताल। उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यात्रियों से भरी एक बस 160 फीट गहरी खाई में गिर गई, जिसमें 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा सुबह करीब 8 बजे भिकियासैंण–रामनगर मार्ग पर शीलापानी (विनायक क्षेत्र) के पास हुआ, जो भिकियासैंण से लगभग 4 किलोमीटर आगे स्थित है।

रामनगर जा रही थी बस

दुर्घटनाग्रस्त बस द्वाराहाट–भिकियासैंण–बासोट मार्ग से होते हुए रामनगर जा रही थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सैलापानी बैंड के पास चालक का अचानक बस से नियंत्रण हट गया, जिसके बाद बस गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

रेस्क्यू में आई दिक्कतें

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और SDRF की टीम मौके पर पहुंची। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण राहत और बचाव कार्य में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायलों को खाई से बाहर निकाला गया।

घायलों का इलाज जारी

घायलों को प्राथमिक इलाज के लिए भिकियासैंण सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दो घायलों को रामनगर के राम दत्त जोशी राजकीय संयुक्त चिकित्सालय भेजा गया है। प्रशासन गंभीर रूप से घायलों को हेलिकॉप्टर से AIIMS ऋषिकेश रेफर करने की तैयारी में है।

KMOU की बस, 28 सीटर

यह बस कुमाऊं मोटर ऑनर्स यूनियन (KMOU) की बताई जा रही है, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर UK 07 PA 4025 है। बस की क्षमता 28 सीटों की थी और इसे करीब 11 बजे रामनगर पहुंचना था। हादसे में बस चालक की हालत भी नाजुक बनी हुई है।

मृतकों की पहचान

अब तक मिली जानकारी के अनुसार, मृतकों में से 5 लोग अल्मोड़ा जिले के निवासी हैं, जबकि 2 की पहचान की प्रक्रिया जारी है। घायल सभी यात्री भी अल्मोड़ा जिले के ही बताए जा रहे हैं।

फिलहाल प्रशासन हादसे के कारणों की जांच कर रहा है और मौके पर रेस्क्यू व राहत कार्य जारी है।

Samvad 24 Office
Samvad 24 Office

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *