आगरा में जाम से बेहाल रहा शहर, हाईवे से लेकर यमुना किनारा रोड तक थमी रफ्तार

Share your love

संवाद 24 संवाददाता। आगरा में रविवार को यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमराई नजर आई। नेशनल हाईवे पर सिकंदरा से भगवान टॉकीज चौराहे तक दिनभर भीषण जाम की स्थिति बनी रही। हालात ऐसे रहे कि वाहन चालकों और यात्रियों को घंटों सड़क पर फंसे रहना पड़ा। जाम का असर केवल हाईवे तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यमुना किनारा रोड और एमजी रोड भी वाहनों की लंबी कतारों से जूझते रहे।

रविवार दोपहर करीब 12 बजे गुरुद्वारा गुरु का ताल कट पर जाम की शुरुआत हुई। यहां मेट्रो निर्माण कार्य चलने के कारण सड़क संकरी हो गई है, जिससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। देखते ही देखते आईएसबीटी तक वाहनों की लंबी लाइन लग गई। सिकंदरा तिराहे पर भी यातायात व्यवस्था पूरी तरह बेपटरी हो गई, जिससे आसपास के मार्गों पर दबाव बढ़ता चला गया।

एमजी रोड पर भी दिनभर जाम के हालात बने रहे। वहीं, रविवार होने के कारण शहर में पर्यटकों की संख्या अधिक थी। ताजमहल सहित अन्य पर्यटन स्थलों की ओर जाने वाले वाहनों के दबाव से यमुना किनारा मार्ग पर भी यातायात व्यवस्था पटरी से उतर गई। पर्यटक घंटों जाम में फंसे रहे, जिससे उनकी यात्रा बेहद परेशानियों भरी हो गई।

जाम के कारण एंबुलेंस, स्कूल वाहन और सार्वजनिक परिवहन भी प्रभावित हुए। लोगों में यातायात पुलिस और प्रशासन के प्रति नाराजगी देखने को मिली। स्थानीय लोगों का कहना है कि मेट्रो निर्माण कार्य के दौरान वैकल्पिक मार्गों और यातायात प्रबंधन की ठोस व्यवस्था न होने से रोजाना ऐसी स्थिति बन रही है।

Samvad 24 Office
Samvad 24 Office

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News