सीतापुर में पिता-पुत्र को गोली मारकर हत्या, पुरानी रंजिश में वारदात, 24 घंटे पहले हुए विवाद के बाद हमला, इलाके में तनाव

संवाद 24 उत्तरप्रदेश। सीतापुर जिले के इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम दोहरे हत्याकांड से सनसनी फैल गई। गांव फतेपुर निवासी एक बुजुर्ग और उसके बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतकों की पहचान छोटे खां उर्फ अख्तर (65) और उनके पुत्र मैसर खां (45) के रूप में हुई है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों की हत्या पुरानी रंजिश के चलते की गई। पुलिस के अनुसार, वारदात से करीब 24 घंटे पहले दोनों पक्षों के बीच विवाद और मारपीट हुई थी, जिसके बाद मामला शांतिभंग में जेल तक पहुंचा था।

जमानत के बाद गांव लौटते समय हमला

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार को दोनों पक्ष एसडीएम कोर्ट से जमानत के बाद गांव लौट रहे थे। गांव के पास पहुंचते ही एक बार फिर कहासुनी और मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान आरोपियों ने पहले बुजुर्ग अख्तर पर गोली चलाई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद हमलावरों ने उनके बेटे मैसर खां को दौड़ाकर गोली मार दी।

भारी पुलिस बल तैनात

दोहरी हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। मामला दो समुदायों से जुड़ा होने के कारण एहतियातन कई थानों की पुलिस फोर्स गांव में तैनात की गई है, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।

पुरानी दुश्मनी का इतिहास

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच पिछले कई वर्षों से रंजिश चली आ रही थी। पूर्व में भी दोनों परिवारों के बीच गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हो चुके हैं, जिनमें हत्या के केस शामिल हैं।

पुलिस का बयान

अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) दुर्गेश सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीमों का गठन किया गया है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

Samvad 24 Office
Samvad 24 Office

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *