कोहरे ने रोकी ट्रेनों की रफ्तार : फर्रुखाबाद में लंबी दूरी की गाड़ियां घंटों लेट, कालिंद्री एक्सप्रेस 8 घंटे देरी से पहुंची

संवाद 24 संवाददाता। फर्रुखाबाद में मंगलवार को घने कोहरे ने रेल यातायात की रफ्तार थाम दी। कोहरे की वजह से कई लंबी दूरी की ट्रेनें अपने निर्धारित समय से कई घंटे की देरी से रेलवे स्टेशन पहुंचीं, जिससे यात्रियों को कड़ाके की ठंड में परेशान होना पड़ा।

भिवानी से प्रयागराज जाने वाली कालिंद्री एक्सप्रेस सबसे ज्यादा प्रभावित रही। यह ट्रेन सुबह 6 बजे के बजाय करीब 8 घंटे की देरी से दोपहर लगभग 1:30 बजे फर्रुखाबाद पहुंची। वहीं, मथुरा से छपरा जाने वाली एक्सप्रेस ट्रेन भी करीब 6 घंटे लेट रही। इसका तय समय सुबह 3 बजे था, लेकिन यह सुबह 9:13 बजे स्टेशन पर पहुंच सकी।

इसके अलावा लखनऊ एक्सप्रेस और कामाख्या एक्सप्रेस भी लगभग 2 घंटे की देरी से फर्रुखाबाद पहुंचीं। शिकोहाबाद पैसेंजर ट्रेन करीब 40 मिनट विलंब से आई।

शाम के समय प्रयागराज से भिवानी जाने वाली कालिंद्री एक्सप्रेस का फर्रुखाबाद पहुंचने का निर्धारित समय रात 9:45 बजे है, लेकिन कोहरे के कारण इसके रात करीब 2:15 बजे पहुंचने की संभावना जताई गई है। वहीं, बांद्रा अंत्योदय एक्सप्रेस को निरस्त कर दिया गया।

ट्रेनों की इस लेटलतीफी से यात्रियों को स्टेशन पर लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा। खासकर बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को ठंड में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। रेलवे प्रशासन के अनुसार, कोहरे की स्थिति को देखते हुए ट्रेनों की गति नियंत्रित की गई है।

Samvad 24 Office
Samvad 24 Office

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *