बहराइच में भेड़िए का कहर : तीन साल के मासूम की मौत, दोनों पैर नोचकर खा गया
Share your love

संवाद 24 डेस्क। बहराइच जिले में भेड़िए के हमलों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार तड़के एक दर्दनाक घटना में भेड़िए ने तीन साल के मासूम बच्चे को मां की आंखों के सामने उठा लिया और उसकी जान ले ली। करीब छह घंटे बाद बच्चे का शव बरामद हुआ, जिसमें दोनों पैर गायब थे।
यह घटना फखरपुर थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव की है। परिजनों के मुताबिक, बच्चा खाट पर लेटकर दूध पी रहा था और मां पास में ही काम कर रही थी। इसी दौरान भेड़िए ने अचानक हमला किया, बच्चे की गर्दन दबोची और उसे लेकर भाग गया। मां ने शोर मचाते हुए पीछा किया, लेकिन घना कोहरा होने के कारण भेड़िया ओझल हो गया।
आवाज सुनकर परिजन और ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंचे, मगर तब तक भेड़िया बच्चे को दूर ले जा चुका था। तलाश अभियान के बाद बच्चे का शव गांव से कुछ दूरी पर मिला। यह दृश्य देखकर मां बेसुध हो गई और गांव में मातम पसर गया।
गौरतलब है कि बहराइच में पिछले चार महीनों से भेड़िए का आतंक बना हुआ है। अब तक भेड़िए के हमलों में 11 बच्चों समेत कुल 13 लोगों की मौत हो चुकी है। चार दिन पहले भी एक अन्य गांव में भेड़िया दो साल की बच्ची को उठा ले गया था, हालांकि पिता के पीछा करने पर वह बच्ची को कुछ दूरी पर छोड़कर भाग गया था।
वन विभाग के अनुसार, अब तक छह भेड़ियों को मार गिराया गया है, लेकिन इसके बावजूद ग्रामीणों में दहशत बनी हुई है। प्रशासन और वन विभाग द्वारा निगरानी और सुरक्षा के प्रयास तेज किए जा रहे हैं।






