हादी की मौत के बाद बांग्लादेश में उबाल: ढाका में हिंसक प्रदर्शन, मीडिया दफ्तरों पर हमला, 30 पत्रकार सुरक्षित निकाले गए
Share your love

संवाद 24 डेस्क। बांग्लादेश में एक बार फिर हालात बेकाबू हो गए हैं। राजधानी ढाका में गुरुवार देर रात इंकलाब मंच के प्रवक्ता शरीफ उस्मान हादी की मौत के बाद भड़के विरोध प्रदर्शनों ने हिंसक रूप ले लिया। आक्रोशित भीड़ ने कई इमारतों और वाहनों में आगजनी की, वहीं मीडिया संस्थानों को भी निशाना बनाया गया।
स्थिति उस समय और गंभीर हो गई जब प्रदर्शनकारियों ने ढाका के कावरान बाजार इलाके में स्थित प्रतिष्ठित अखबार द डेली स्टार के कार्यालय पर हमला कर दिया। उपद्रवियों ने पहले जमकर तोड़फोड़ की और फिर इमारत में आग लगा दी, जिससे भीतर काम कर रहे पत्रकार फंस गए। करीब चार घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद कम से कम 30 पत्रकारों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका।

रात में भड़की हिंसा, धुएं में फंसे पत्रकार
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, रात करीब 12 बजे हमलावरों ने अखबार के ग्राउंड फ्लोर और पहली मंजिल में तोड़फोड़ की और कुछ ही देर बाद आग लगा दी। आग तेजी से फैलती चली गई और पूरी इमारत धुएं से भर गई। हालात इतने खराब थे कि दमकल विभाग की गाड़ियां भी भीड़ के कारण मौके तक नहीं पहुंच सकीं।
इमारत के भीतर फंसी एक महिला रिपोर्टर ने फोन पर बताया कि सांस लेना मुश्किल हो गया है और चारों तरफ घना धुआं है। इस दौरान पत्रकारों ने खिड़कियों और छत से मदद की गुहार लगाई।
अन्य मीडिया संस्थानों पर भी हमला
बताया जा रहा है कि इससे पहले उग्र भीड़ ने एक अन्य प्रमुख बंगाली दैनिक के कार्यालय को भी निशाना बनाया। नारेबाजी और तोड़फोड़ के बाद वहां भी आगजनी की गई। इन घटनाओं ने बांग्लादेश में प्रेस की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
यूनुस की शांति की अपील
हिंसा के बीच बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मुहम्मद यूनुस ने देशवासियों से संयम बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना सरकार की प्राथमिकता है और जांच एजेंसियों को स्वतंत्र व पेशेवर तरीके से काम करने दिया जाना चाहिए।
यूनुस ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार लोकतांत्रिक मूल्यों और कानून के शासन के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है और किसी भी तरह की हिंसा को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
तनावपूर्ण बने हालात
हादी की मौत के बाद से बांग्लादेश के कई हिस्सों में तनाव का माहौल बना हुआ है। सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं, लेकिन राजधानी ढाका में हालात अब भी नाजुक बताए जा रहे हैं।






