आगरा में वीर दुर्गादास राठौड़ विवाद ने लिया नया मोड़, राठौड़ समाज ने थाने में दी तहरीर
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। आगरा में वीर दुर्गादास राठौड़ पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी का मामला अब और गंभीर हो गया है। इस टिप्पणी से आहत राठौड़ समाज के लोगों ने मंगलवार को थाना ताजगंज पहुंचकर पुलिस को लिखित तहरीर सौंपी और दोषियों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज करने की मांग की। समाज का कहना है कि वीर दुर्गादास राठौड़ न केवल राठौड़ समाज, बल्कि पूरे देश के लिए शौर्य और स्वाभिमान के प्रतीक हैं, ऐसे में उनके सम्मान के साथ कोई भी खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
राठौड़ समाज के प्रतिनिधियों का आरोप है कि टिप्पणी सामने आने के बाद जब उन्होंने पहले पुलिस को इसकी जानकारी दी, तो मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया। कई बार अवगत कराने के बावजूद कार्रवाई न होने से समाज में रोष बढ़ता गया, जिसके बाद थाने पहुंचकर औपचारिक तहरीर देना जरूरी हो गया।
तहरीर सौंपते हुए समाज के लोगों ने कहा कि इस तरह की टिप्पणियां न केवल ऐतिहासिक महापुरुषों का अपमान हैं, बल्कि समाज में वैमनस्य फैलाने का भी काम करती हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति महापुरुषों के सम्मान के साथ खिलवाड़ करने का साहस न कर सके।
थाना ताजगंज पुलिस ने तहरीर प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए मामले की जांच का आश्वासन दिया है। वहीं, राठौड़ समाज ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं हुई, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
यह मामला अब केवल एक टिप्पणी तक सीमित नहीं रहा, बल्कि समाजिक सम्मान और भावनाओं से जुड़ा मुद्दा बन गया है। ऐसे में पुलिस और प्रशासन की भूमिका अहम हो गई है कि वे निष्पक्ष और त्वरित कार्रवाई कर स्थिति को शांत रखें।






