फर्रुखाबाद में धार्मिक भावनाओं से जुड़ा मामला: मूर्तियां फेंकने के आरोप में अज्ञात पर FIR, वायरल वीडियो से जांच तेज

संवाद 24, फर्रूखाबाद
फर्रुखाबाद जिले के मेरापुर थाना क्षेत्र में धार्मिक सौहार्द से जुड़े एक मामले में पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह कार्रवाई उस वीडियो के सामने आने के बाद की गई, जो रविवार को सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था।

मामला क्षेत्र के एक बौद्ध तीर्थ स्थल से जुड़ा है, जहां टीले पर स्थित बिसारी देवी के समीप नीम के पेड़ के नीचे रखी हिंदू देवी-देवताओं की मूर्तियों को कथित तौर पर नीचे फेंक दिया गया। इस संबंध में सेवा समिति के अध्यक्ष अतुल दीक्षित ने मेरापुर थाने में तहरीर दी थी। तहरीर के आधार पर थानाध्यक्ष राजीव पांडेय ने अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया है।

शिकायत में बताया गया है कि रविवार को अन्य धर्म के कुछ अनुयायियों द्वारा मंदिर परिसर के पास विसर्जित मूर्तियां रखी गई थीं। बाद में एक यात्रा के दौरान शामिल कुछ लोगों ने इन मूर्तियों को उठाकर टीले से नीचे फेंक दिया। इस पूरी घटना का वीडियो मौके पर मौजूद लोगों द्वारा बनाया गया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

वायरल वीडियो में कुछ बुजुर्ग बौद्ध भंते कथित रूप से अन्य लोगों को मूर्तियां हटाने के लिए प्रेरित करते नजर आ रहे हैं। वहीं, कुछ युवक मूर्तियां फेंकते समय वीडियो बनाते और तालियां बजाते हुए दिखाई दे रहे हैं। घटना के दौरान मौके पर पुलिस बल की मौजूदगी भी बताई जा रही है, जिसके बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया और संबंधित लोगों को वहां से हटाया गया।

थानाध्यक्ष राजीव पांडेय ने Samvad24 को बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी हुई है और पुलिस लगातार हालात पर नजर रखे हुए है।

Samvad 24 Office
Samvad 24 Office

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News