कांशीराम कॉलोनी में पुलिस का सघन सत्यापन अभियान जारी, दूसरे दिन 112 घरों की पड़ताल
Share your love

संवाद 24, फर्रूखाबाद ।
शहर में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से थाना मऊदरवाज़ा पुलिस ने कांशीराम कॉलोनी, हैवतपुर गढ़िया में लगातार दूसरे दिन सत्यापन अभियान चलाया। इस दौरान कॉलोनी के कई ब्लॉकों में रहने वाले लोगों की पहचान और निवास से जुड़े रिकॉर्ड की जांच की गई।
जानकारी के अनुसार पुलिस टीम ने ब्लॉक संख्या 14 से 20 तक पहुंचकर करीब 112 आवासों में रहने वालों से आवश्यक कागजात देखे और विवरण दर्ज किया। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे सत्यापन प्रक्रिया में सहयोग करें, ताकि किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि पर समय रहते रोक लगाई जा सके।
अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार ने बताया कि यह अभियान एहतियातन चलाया जा रहा है और कॉलोनी में रह रहे सभी व्यक्तियों का विवरण एकत्र किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने या संदिग्ध पाए जाने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के दौरान क्षेत्राधिकारी नगर ऐश्वर्या उपाध्याय, थाना मऊदरवाज़ा प्रभारी अजब सिंह सहित पर्याप्त पुलिस बल मौके पर तैनात रहा। पुलिस की सक्रियता से इलाके में सतर्कता का माहौल बना हुआ है।






