अर्शदीप–वरुण की कहर बरपाती गेंदबाज़ी, अभिषेक शर्मा की तूफानी बल्लेबाज़ीटीम इंडिया ने धर्मशाला में साउथ अफ्रीका को 7 विकेट से रौंदा, सीरीज में 2-1 की बढ़त
Share your love

संवाद 24, धर्मशाला ।
हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम, धर्मशाला में खेले गए पांच मैचों की टी20 सीरीज के तीसरे मुकाबले में टीम इंडिया ने साउथ अफ्रीका को 7 विकेट से करारी शिकस्त देकर सीरीज में 2-1 की बढ़त हासिल कर ली। गेंदबाज़ों के शानदार प्रदर्शन के बाद बल्लेबाज़ों ने हंसते-खेलते लक्ष्य हासिल कर लिया।
पहले बल्लेबाज़ी करते हुए साउथ अफ्रीकी टीम महज 117 रन पर सिमट गई। टीम की शुरुआत बेहद खराब रही और 3.1 ओवर में सिर्फ 7 रन पर तीन विकेट गिर गए। रीजा हेंड्रिक्स, क्विंटन डी कॉक और देवाल्ड ब्रेविस सस्ते में पवेलियन लौटे।
कप्तान एडेन मार्करम ने एक छोर संभालते हुए 46 गेंदों पर 61 रन की जुझारू पारी खेली, जबकि डोनोवन फरेरा ने 20 रन जोड़े, लेकिन अन्य बल्लेबाज़ टिक नहीं सके।
भारत की ओर से गेंदबाज़ी में अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती और कुलदीप यादव ने 2-2 विकेट झटके। वहीं हार्दिक पंड्या और शिवम दुबे को 1-1 सफलता मिली। जसप्रीत बुमराह की गैरमौजूदगी के बावजूद भारतीय गेंदबाज़ों ने शानदार सामूहिक प्रदर्शन किया।
118 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने आक्रामक अंदाज़ में शुरुआत की। अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल ने पावरप्ले में ही मैच का रुख भारत की ओर मोड़ दिया। टीम ने सिर्फ 5 ओवर में 60 रन बना डाले।
अभिषेक शर्मा ने 18 गेंदों पर 35 रन की विस्फोटक पारी खेली, जबकि शुभमन गिल ने 28 रन बनाकर जीत को आसान बना दिया। भारत ने 15.5 ओवर में लक्ष्य हासिल कर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
इस जीत के साथ सीरीज अब और भी रोमांचक हो गई है। अब सभी की नजरें लखनऊ और अहमदाबाद में होने वाले शेष दो मुकाबलों पर टिकी हैं।
संवाद 24, स्पोर्ट्स डेस्क






