नाला सफाई के दौरान हादसा, जेसीबी नाले में गिरी

संवाद 24, फर्रूखाबाद। नगर पालिका क्षेत्र में चल रहे कार्यों की हकीकत एक बार फिर सामने आ गई है। मोहल्ला लाल दरवाजा में नाला सफाई के दौरान बड़ा हादसा हो गया। शनिवार रात लगभग 11:30 बजे नाले की सफाई के लिए लगाई गई भारी जेसीबी मशीन अचानक कमजोर दीवार गिरने से संतुलन खो बैठी और सीधे नाले में जा गिरी।

घटना के समय मशीन चला रहे चालक कन्हैया को कोई गंभीर चोट नहीं आई और वह सुरक्षित बाहर निकल आया। हालांकि हादसे में स्थानीय निवासी दीपक सिंह को करीब 20 हजार रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ। उनकी लकड़ी से बनी खिड़की की चौखट, जिसमें शीशा लगा था, और घर की पुलिया की रेलिंग पूरी तरह टूट गई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर पालिका द्वारा हर साल नाले की दीवार का निर्माण तो कराया जाता है, लेकिन घटिया गुणवत्ता के कारण वह ज्यादा समय तक टिक नहीं पाती। बरसात के मौसम में दीवारें कमजोर होकर टूट जाती हैं। बताया गया कि लंबे समय से नाले की सफाई न होने के कारण क्षेत्र में गंदगी फैल गई थी, जिससे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।

मोहल्ले वासियों ने कई बार जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया, लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका। नाला सफाई के दौरान जल्दबाजी और कमजोर निर्माण के चलते यह हादसा हो गया।

घटना के बाद स्थानीय नागरिकों ने पूरे मामले की जांच कराने, दोषियों पर कार्रवाई करने और पीड़ित को हुए नुकसान की भरपाई की मांग की है। साथ ही लोगों का सुझाव है कि खुले नाले के स्थान पर सीवर पाइप लाइन डाले जाने से समस्या का स्थायी समाधान हो सकता है।

Samvad 24 Office
Samvad 24 Office

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News