आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 200 किलो लहन नष्ट, 15 लीटर कच्ची शराब जब्त
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। फर्रुखाबाद में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। जिला आबकारी अधिकारी जी.पी. गुप्ता के पर्यवेक्षण में तथा जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी के निर्देश पर विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया।
इस अभियान के तहत आबकारी निरीक्षक गौरव सिंह ने अपनी टीम के साथ विकास खंड बढ़पुर क्षेत्र के संदिग्ध गांव नेकपुर चौरासी में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान मौके से करीब 200 किलोग्राम लहन और 15 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई।
आबकारी टीम ने बरामद किए गए लहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया, जबकि अवैध कच्ची शराब को जब्त कर लिया गया। इस मामले में एक आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
आबकारी निरीक्षक गौरव सिंह ने बताया कि जनहित और कानून-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।






