वैभव सूर्यवंशी ने यूथ वनडे में रचा इतिहास: एक मैच में 14 छक्के, ऑस्ट्रेलियाई रिकॉर्ड टूटा, भारत का सबसे बड़ा स्कोर
Share your love

संवाद 24 डेस्क, नई दिल्ली/दुबई। भारत के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने अंडर-19 एशिया कप में ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए यूथ वनडे क्रिकेट में नया विश्व रिकॉर्ड बना दिया। शुक्रवार को UAE के खिलाफ खेले गए मुकाबले में वैभव ने 95 गेंदों पर 171 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 14 छक्के और 9 चौके शामिल रहे। इस पारी के साथ उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के माइकल हिल का 2008 में बनाया गया 12 छक्कों का रिकॉर्ड तोड़ दिया और यूथ वनडे में एक पारी में सबसे ज्यादा सिक्स लगाने वाले बल्लेबाज बन गए।

महज 14 साल के वैभव सूर्यवंशी ने 56 गेंदों में शतक पूरा किया और 180 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की। उनकी इस पारी की बदौलत भारत ने यूथ वनडे इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर खड़ा किया। टीम इंडिया ने 50 ओवर में 433 रन बनाए, जो इससे पहले स्कॉटलैंड के खिलाफ ढाका द्वारा बनाए गए 425 रन के रिकॉर्ड से अधिक है। वैभव के अलावा एरोन जॉर्ज और विहान मल्होत्रा ने भी 69-69 रन की महत्वपूर्ण पारियां खेलीं।
234 रन से भारत की बड़ी जीत
434 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी UAE की टीम 50 ओवर में 7 विकेट पर 199 रन ही बना सकी। UAE की ओर से उड्डीश सूरी 78 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि पृथ्वी मधु ने 50 रन जोड़े। भारत की ओर से कुल 9 गेंदबाजों को आजमाया गया, जिसमें दीपेश देवेंद्रन सबसे सफल रहे और उन्होंने 2 विकेट लिए। भारत ने मुकाबला 234 रन से जीत लिया।
वैभव सूर्यवंशी के नाम दर्ज हुए बड़े रिकॉर्ड
वैभव सूर्यवंशी पहले ही देश और दुनिया के सबसे चर्चित युवा बल्लेबाजों में शामिल हो चुके हैं। हाल ही में उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में 14 साल की उम्र में शतक लगाकर सबसे कम उम्र में यह उपलब्धि हासिल की थी। इसके अलावा वे आईपीएल में सबसे कम उम्र में अर्धशतक और टी-20 क्रिकेट में सबसे युवा शतक लगाने वाले बल्लेबाज भी बन चुके हैं।
अब तक वैभव बिहार के लिए 8 फर्स्ट क्लास और 6 लिस्ट-ए मुकाबले खेल चुके हैं। फर्स्ट क्लास में उनके नाम 207 रन, लिस्ट-ए में 132 रन और 18 टी-20 मैचों में 701 रन दर्ज हैं।
संघर्ष और परिवार का योगदान
समस्तीपुर जिले के ताजपुर के रहने वाले वैभव सूर्यवंशी का जन्म 27 मार्च 2011 को हुआ था। उन्होंने 9 साल की उम्र में क्रिकेट खेलना शुरू किया। बेटे की प्रतिभा को निखारने के लिए उनके पिता संजीव सूर्यवंशी ने जमीन बेचकर क्रिकेट एकेडमी जॉइन कराई। कोच के मुताबिक, पिता हर दूसरे दिन 100 किलोमीटर दूर मैच दिखाने ले जाते थे और एक्स्ट्रा प्रैक्टिस के दौरान वैभव के साथियों के लिए भी टिफिन लेकर आते थे।
गूगल ट्रेंड में वैभव
यूएई के खिलाफ रिकॉर्डतोड़ पारी के बाद वैभव सूर्यवंशी गूगल ट्रेंड में भी शामिल हो गए हैं। उनकी इस ऐतिहासिक पारी ने उन्हें भारतीय क्रिकेट के सबसे उभरते युवा सितारों की सूची में मजबूती से स्थापित कर दिया है।






