KIT में छात्रों का हंगामा, प्रबंधन पर धोखे का आरोप; पुलिस ने खदेड़कर हालात संभाले
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। महाराजपुर के रूमा स्थित कानपुर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (KIT) में गुरुवार को छात्रों का आक्रोश फूट पड़ा। कॉलेज प्रबंधन पर झूठ बोलकर प्रवेश दिलाने के आरोप लगाते हुए छात्र-छात्राओं ने सुबह से लेकर दोपहर तक जोरदार प्रदर्शन किया। नारेबाजी के चलते कॉलेज में पढ़ाई-पढ़ाई ठप रही।
हाईवे की ओर बढ़े तो पुलिस ने खदेड़ा
जैसे ही सैकड़ों छात्र-छात्राओं का हुजूम कॉलेज के बाहर निकलकर हाईवे की ओर बढ़ा, पुलिस ने स्थिति बिगड़ने से पहले सभी को वापस खदेड़ दिया। पुलिस बल की मौजूदगी के बीच छात्र फिर कॉलेज परिसर में लौट आए और वहीं विरोध जारी रखा।
आटोनोमस स्टेटस पर विवाद, छात्रों का आरोप “गुमराह किया गया”
B.Tech और MBA प्रथम व द्वितीय वर्ष के छात्रों का आरोप है कि प्रवेश के समय उन्हें बताया गया था कि—
कॉलेज आटोनोमस है
परीक्षा कॉलेज में ही होगी
कॉपियां कैंपस में चेक होंगी
बेहतर प्लेसमेंट और छात्रवृत्ति की सुविधा मिलेगी
लेकिन अब उन्हें पता चल रहा है कि कॉलेज AKTU से संबद्ध है और परीक्षा पूरी तरह यूनिवर्सिटी पैटर्न पर होगी। छात्रों का कहना है कि यह उनके भविष्य से खिलवाड़ है।
परीक्षा पैटर्न बदलने से बढ़ी नाराजगी
छात्रों का कहना है कि पहले 30-30 अंकों की इंटरनल-असेसमेंट वाली परीक्षा का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब विश्वविद्यालय पैटर्न के तहत परीक्षा 70 अंकों की और दूसरे कॉलेज में आयोजित की जाएगी।
कॉपियां भी बाहरी केंद्र पर जांची जाएंगी, जिससे छात्रों का भरोसा डगमगा गया है।
पूरा दिन हंगामा, पढ़ाई ठप
कॉलेज खुलते ही छात्र कक्षाओं से बाहर निकल आए और लगातार नारेबाजी करते रहे—
“कॉलेज प्रशासन मुर्दाबाद”,
“प्रबंधन हाय-हाय”
जैसे नारों से परिसर गूंजता रहा। प्रदर्शन के कारण पूरे दिन शिक्षण कार्य बाधित रहा।






