गोविंदपुरी पुल पर बड़ा हादसा टला: तेज रफ्तार कार रेलिंग तोड़कर लटकी, पुलिस ने बचाई तीन युवकों की जान

Share your love

संवाद 24 संवाददाता। कानपुर में सोमवार देर रात बड़ा हादसा होते-होते टल गया। गोविंदपुरी पुल पर तेज रफ्तार में दौड़ रही एक फॉर्च्युनर कार अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग तोड़ती हुई नीचे की ओर लटक गई। गनीमत रही कि कार रेलिंग में ही अटक गई, वरना नीचे गिरने पर गंभीर जान-माल का नुकसान हो सकता था। राहगीरों ने घटना देखकर तत्काल पुलिस को सूचना दी।

मौके पर फजलगंज थाना प्रभारी संजय सिंह अपनी टीम के साथ पहुंचे और कार में फंसे तीनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाला। बाद में क्रेन की मदद से कार को भी पुल से हटाया गया। कार चालक राहुल सचान, निवासी बर्रा विश्वबैंक कॉलोनी, ने बताया कि वह अपने दो दोस्तों के साथ शादी समारोह से घर लौट रहे थे। पुल पर एक वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश में कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सीधे रेलिंग से टकरा गई।

थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण ओवरस्पीड और गलत ढंग से ओवरटेक करना पाया गया है। उन्होंने कहा, “सौभाग्य से कार रेलिंग में अटक गई, वरना बड़ा हादसा निश्चित था। तीनों युवकों को आवश्यक हिदायत देकर छोड़ दिया गया है।”यह घटना फिर एक बार याद दिलाती है कि तेज रफ्तार और लापरवाह ओवरटेक सड़क हादसों को न्यौता देते हैं। समय पर मिली पुलिस की मदद और कार का रेलिंग में फंस जाना, तीन जिंदगियों को बचा लिया गया।

Pavan Singh
Pavan Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News