एफसीआई गोदाम के पास ट्रक ने महिला को कुचला
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र के श्याम नगर में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। एफसीआई गोदाम के पास तेज रफ्तार और बेकाबू ट्रक ने सुबह की सैर पर निकली 55 वर्षीय महिला दरख्शा खातून उर्फ गुड़िया को रौंद दिया। हादसा इतना भयानक था कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
दुर्घटना होते ही ट्रक ड्राइवर और क्लीनर वाहन छोड़कर फरार हो गए।घटना के बाद तनाव, सड़क पर हंगामादुर्घटना की खबर फैलते ही स्थानीय लोग और मृतका के परिवारजन घटनास्थल पर पहुंचे। गुस्साए लोगों ने सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया और जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया।
भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने ट्रक पर पथराव भी किया और कई बार आग लगाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने किसी तरह स्थिति को संभाला। तीन घंटे तक चले जाम और हंगामे के कारण पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मची रही। स्थिति बिगड़ती देख चकेरी के साथ जाजमऊ, रेलबाजार और कैंट थानों की अतिरिक्त पुलिस फोर्स को घटनास्थल पर बुलाया गया।
परिवार ने की 50 लाख मुआवजे की मांग मृतका के पति सलीम अहमद ने बताया कि उनकी पत्नी रोज की तरह मॉर्निंग वॉक पर निकली थीं। घर से कुछ ही दूरी पर एफसीआई के ट्रक ने पहले टक्कर मारी और फिर आगे बढ़ते हुए उन्हें कुचल दिया। परिजनों और स्थानीय लोगों ने ट्रक ड्राइवर की गिरफ्तारी और 50 लाख रुपये मुआवजे की मांग की। जब तक प्रशासन ने आश्वासन नहीं दिया, भीड़ ने सड़क खाली करने से साफ इंकार कर दिया।
पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा – काफी समझाने के बाद पुलिस ने हालात को काबू में किया और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। अधिकारियों का कहना है कि फरार ट्रक ड्राइवर की तलाश जारी है और परिवार को हर संभव मदद दी जाएगी।






