बीमारू’ से ‘अनलिमिटेड पोटेंशियल’ का केंद्र बना यूपी, औद्योगिक विकास ने बदली प्रदेश की तस्वीर: योगी

Share your love

संवाद 24 गोरखपुर। गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) के 36वें स्थापना दिवस समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश की तस्वीर अब पूरी तरह बदल चुकी है। उन्होंने कहा कि आठ साल पहले जो प्रदेश अराजकता, जातीय तनाव और हिंसा की राजनीति के लिए जाना जाता था, आज वह अपराध और भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के चलते देश के अंदर कानून-व्यवस्था और सुरक्षा का ‘मॉडल स्टेट’ बन गया है।

‘बीमारू’ राज्य अब निवेश का केंद्र मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले जिस यूपी को ‘बीमारू’ कहा जाता था, आज वह भारत की ‘अनलिमिटेड पोटेंशियल’ (असीमित संभावनाओं) का केंद्र बन चुका है। अब यह प्रदेश उत्सवों, सुरक्षा, निवेश और रोजगार का हब है।

निवेश के बड़े आंकड़े पेश किए सीएम योगी ने प्रदेश में औद्योगिक निवेश की उपलब्धियां गिनाते हुए बताया कि यूपी में 40 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव आए हैं, जिनमें से 15 लाख करोड़ रुपये का निवेश जमीन पर उतर चुका है। इससे 1.5 करोड़ रोजगार सृजित हुए हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इसी दिसंबर महीने में पांच लाख करोड़ रुपये का और निवेश जमीन पर उतारा जाएगा।

गीडा में अडानी-कोका कोला को मिली जमीन समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने गीडा क्षेत्र में 6139 करोड़ रुपये के प्रस्तावित निवेश के लिए 115 निवेशकों को भूखंडों के आवंटन पत्र सौंपे। इनमें अडानी ग्रुप और कोका-कोला जैसी बड़ी कंपनियां शामिल हैं। इसके अलावा, गीडा में 408 करोड़ रुपये के 114 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया गया। सीएम ने बताया कि जल्द ही गोरखपुर के धुरियापार में रिलायंस समूह का कंप्रेस्ड बायोगैस प्लांट भी शुरू होने जा रहा है।

इंफ्रास्ट्रक्चर में यूपी सबसे आगे योगी ने कहा कि देश के 55 प्रतिशत एक्सप्रेसवे यूपी में हैं। सबसे बड़ा रेल नेटवर्क, सर्वाधिक एयरपोर्ट, जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट, देश की पहली रैपिड रेल और पहला इनलैंड वाटरवे यहीं मौजूद है, जो बदलते यूपी का प्रमाण हैं।

पिछली सरकारों पर तीखा हमला: ‘अब माफिया की जमीन पर बन रही फैक्ट्री’ मुख्यमंत्री ने सपा और कांग्रेस का नाम लिए बिना पिछली सरकारों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जब इन दलों को सत्ता मिली, तो उन्होंने जाति-पाति में बांटकर अराजकता फैलाई। पहले व्यापारियों और गरीबों की जमीन पर कब्जा करना अधिकार समझा जाता था। सीएम ने तंज कसते हुए कहा कि डबल इंजन की सरकार ने उनकी कमर ऐसी तोड़ी है कि अब माफियाओं से खाली कराई गई जमीनों पर हम लोग फैक्ट्रियां बनवा रहे हैं।

कार्यक्रम में औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ ने कहा कि अब यूपी की पहचान माफिया से नहीं, बल्कि माफिया को कुचलने वाले बुलडोजर से है।

Samvad 24 Office
Samvad 24 Office

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News