रील विवाद में अतीक अहमद के छोटे बेटे अबान पर पहली FIR, भड़काऊ डायलॉग और गाड़ियों के काफिले ने बढ़ाई पुलिस की चिंता

प्रयागराज में माफिया अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद (20) के खिलाफ पहली बार कानूनी कार्रवाई की गई है। बुधवार देर रात धूमनगंज थाने में उसके खिलाफ एक भड़काऊ वीडियो (रील) को लेकर मुकदमा दर्ज किया गया। यह वीडियो एक शादी समारोह के दौरान शूट किया गया था और बाद में सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया।

रील में एक धमकी भरा डायलॉग और तेज़ रफ्तार गाड़ियों का काफिला दिखाया गया था। बैकग्राउंड में जो गाना लगाया गया, उसमें हिंसक भाषा का इस्तेमाल था—जिसमें सामने से ‘फाड़ देने’, असलहा रखने और दहशत फैलाने जैसे वाक्य शामिल थे।

सब इंस्पेक्टर आदित्य सिंह की तहरीर पर मामले में BNS की धारा 353 के तहत अबान, उसके साथी हमजा और कई अज्ञात लोगों पर केस दर्ज किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, यह धारा उन स्थितियों पर लागू होती है जहां झूठी अफवाहें, भड़काऊ बयान या ऐसा कंटेंट फैलाया जाए, जिससे समाज में तनाव या उपद्रव उत्पन्न हो सकता है।

वीडियो में दिखा गाड़ियों का काफिला और शादी समारोह के दृश्य
सोशल मीडिया पर सामने आई तस्वीरों में अबान की कार के साथ कई गाड़ियों का काफिला चलता दिख रहा है, जबकि एक अन्य तस्वीर में वह शादी समारोह में खाना खाते नजर आया।

सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर कई लोगों ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। कुछ यूजर्स ने लिखा कि अतीक अहमद के मारे जाने के बाद भी उसका बेटा दहशत फैलाने का प्रयास कर रहा है। एक यूजर ने तंज कसा—“रस्सी जल गई पर ऐंठन नहीं गई”, जबकि एक अन्य ने लिखा—“योगी जी को पता चला तो हालत बुरा कर देंगे।”

Samvad 24 Office
Samvad 24 Office

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *