कार 30 फीट नीचे नहर में गिरी, 5 की मौत
Share your love

संवाद 24 लखीमपुर खीरी।
मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में शादी समारोह से लौट रही ऑल्टो कार 30 फीट नीचे शारदा नहर में गिर गई। हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि कार चालक की जान CPR देकर बचाई गई। मृतकों में 4 सरकारी कर्मचारी बताए जा रहे हैं। घटना पढुआ थाना क्षेत्र के पारस पुरवा गांव के पास रात 11:40 बजे हुई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार के गिरते ही तेज बहाव के कारण वह करीब 30 फीट तक पानी में बह गई और कुछ ही मिनटों में पूरी तरह डूब गई। दरवाजे लॉक हो जाने से अंदर बैठे लोग बाहर नहीं निकल सके। कार के गिरने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। टॉर्च की रोशनी में ग्रामीण नाव के सहारे नहर में उतरे और रस्सी बांधकर कार को बाहर निकाला। इसके बाद शीशा तोड़कर सभी को बाहर निकाला गया।
सभी को CHC रमिया बेहड़ ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने 5 लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान जितेंद्र (23), घनश्याम (25), लालजी (45) और सुरेश (50) के रूप में हुई है। चारों बहराइच के गंगा बैराज में कार्यरत थे। एक व्यक्ति की पहचान नहीं हो पाई है।
कार चालक बबलू (28) ने बताया कि—
“स्पीड ज्यादा नहीं थी, लेकिन पुल पर अंधेरा था। अचानक मोड़ आया तो स्टीयरिंग घुमाया। कार फिसलकर नहर में चली गई। ग्रामीणों ने बचाया।”
स्थानीय ग्रामीण अभिमन्यु, रोबिन और उमेश ने बताया कि कार गिरने के तुरंत बाद लोग चीख रहे थे।
“कुछ देर में कार पूरी तरह डूब गई। नाव की मदद से कार को बाहर लाया। एक व्यक्ति को CPR देकर होश में लाया गया, लेकिन बाकी की जान नहीं बच सकी।”
पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।






