सामूहिक विवाह में मंत्री सुरेश खन्ना की नसीहत “तलाक मत देना, अल्लाह माफ नहीं करेगा”

Share your love

संवाद 24 शाहजहांपुर के OCF ग्राउंड में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत रविवार को 199 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया। इनमें 154 हिंदू और 45 मुस्लिम जोड़े शामिल रहे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वित्त मंत्री सुरेश खन्ना रहे, जिन्होंने पिता की भूमिका में सभी नवविवाहितों को आशीर्वाद देते हुए विवाह और जिम्मेदारी को समझाने वाला संदेश दिया।

मंत्री खन्ना ने विशेष रूप से मुस्लिम दूल्हों से कहा कि सरकार ने विवाह के लिए एक लाख रुपए की व्यवस्था की है। उन्होंने बताया कि दुल्हन 60 हजार की एफडी, 25 हजार रुपए के जेवर लेकर आ रही है और बाकी राशि कार्यक्रम की व्यवस्था में खर्च हुई है। उन्होंने कहा कि बाद में यह मत कहना कि लेकर क्या आई। तलाक देने की बात मत सोचना, अल्लाह ऐसे लोगों को माफ नहीं करता। दुल्हन को सम्मान देना और जीवनभर साथ निभाना।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना आज सबसे लोकप्रिय योजना बन गई है। पहले बेटी के जन्म पर चिंता होती थी, अब सरकार उसके जन्म पर 5 हजार रुपए देती है और लड्डू बांटने को कहती है। कन्या सुमंगला योजना के तहत बेटियों को पढ़ाई के लिए 25 हजार तक की आर्थिक सहायता मिलती है। शादी के लिए एक लाख रुपए प्रदान किए जाते हैं।

कार्यक्रम में पहली बार वर-वधू के प्रवेश से पहले बायोमेट्रिक फेस ऑथेंटिकेशन कराया गया ताकि किसी भी तरह की धोखाधड़ी न हो। हिंदू जोड़ों ने पंडितों की मौजूदगी में फेरे लिए, जबकि मुस्लिम जोड़ों का निकाह काजी द्वारा पढ़ाया गया। मंत्री खन्ना ने दूल्हों से एक-एक कर मुलाकात की और कहा कि दुल्हन को परेशान न करें, उसे सम्मान दें और किसी प्रकार का विवाद न करें।

उन्होंने यह भी कहा कि समाज को अब बेटी के जन्म से लेकर विवाह तक की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि सरकार हर चरण में उसके साथ खड़ी है।

Samvad 24 Office
Samvad 24 Office

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News