लखनऊ की हवा फिर हुई ज़हरीली: AQI ऑरेंज ज़ोन में, आने वाले दिनों में बढ़ेगी ठंड और कोहरा

Share your love

लखनऊ में प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ता जा रहा है। शनिवार सुबह शहर के कई इलाकों में एयर क्वालिटी खराब श्रेणी में दर्ज की गई। लालबाग में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 261 तक पहुंच गया, जो ऑरेंज ज़ोन में आता है।

शहर के अन्य मॉनिटरिंग स्टेशनों पर भी स्थिति चिंताजनक रही। अलीगंज में AQI 196, अंबेडकर यूनिवर्सिटी में 191, गोमतीनगर और तालकटोरा में 176, जबकि कुकरैल में 102 दर्ज किया गया। इनमें से ज्यादातर स्थान यलो ज़ोन यानी ‘मॉडरेट’ श्रेणी में रहे। सुबह के समय शहर का औसत AQI 184 रहा। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार शुक्रवार को लखनऊ का AQI 194 था।


मौसम सामान्य से गर्म, लेकिन जल्द बढ़ेगी ठंड

सुबह हल्की धुंध के बीच दिन चढ़ने पर मौसम साफ रहा। मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को अधिकतम तापमान 28°C और न्यूनतम 14°C रहने का अनुमान है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 28.4°C और न्यूनतम 14.5°C रहा, जो सामान्य से करीब 1.8°C अधिक था। इससे मौसम थोड़ा गर्म महसूस हुआ।


पछुआ हवाओं का असर शुरू, तापमान में 4 डिग्री तक गिरावट संभव

मौसम विशेषज्ञों ने आगाह किया है कि अगले एक हफ्ते में प्रदेशभर में ठंड बढ़ने वाली है। पश्चिमी हिमालय से चलने वाली शुष्क पछुआ हवाएं सक्रिय हो चुकी हैं, जिनके कारण तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज हो सकती है।

मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, पिछले कुछ दिनों में हवा की दिशा बदलने से तापमान थोड़ा बढ़ गया था, लेकिन अब मौसम फिर करवट ले रहा है। जल्द ही सुबह और रात में हल्का से मध्यम कोहरा छा सकता है, जबकि दिन के समय आसमान साफ रहने की संभावना है।

मौसम विभाग ने लोगों को सुबह और देर रात सावधानी बरतने की सलाह दी है, क्योंकि न्यूनतम तापमान में गिरावट के साथ ठंड धीरे-धीरे तेज़ होगी।

Samvad 24 Office
Samvad 24 Office

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News