सपा घुसपैठ और बेईमानी के सहारे चुनाव जीतती थी, बिहार में सफाई हो गई: जयवीर सिंह
Share your love

संवाद 24
फर्रुखाबाद के प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने कलेक्ट्रेट सभागार फतेहगढ़ में विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक की। बैठक में सांसद मुकेश राजपूत और अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य भी मौजूद रहे। समीक्षा के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याएं और शिकायतें सामने आईं।
सांसद मुकेश राजपूत ने साहबगंज बिजली घर पर तैनात जेई को हटाने की मांग की। उन्होंने एनएचएआई की बेवर रोड पर बने गड्ढों और सड़क की तुलना में ऊंचे नालों की शिकायत भी दर्ज कराई। विधायक सुशील शाक्य ने बताया कि कुछ स्थानों पर यूरिया महंगे दामों पर बेचे जाने की शिकायतें आ रही हैं।
मंत्री जयवीर सिंह ने ‘हर घर जल’ परियोजना के खराब प्रदर्शन पर नाराजगी व्यक्त की और स्थिति में सुधार न होने पर कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने अल्पसंख्यक कल्याण, समाज कल्याण और पिछड़ा वर्ग कल्याण विभागों की सीएम डैशबोर्ड पर कमजोर रैंकिंग पर भी असंतोष जताया।
सांसद ने मक्का क्रय केंद्रों पर किसानों की उपज न खरीदे जाने की शिकायत उठाई। इस पर जिलाधिकारी को निर्देश दिया गया कि क्रय केंद्रों की जांच टीम गठित की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि खरीद केवल किसानों से ही की गई हो।
समीक्षा बैठक के बाद मंत्री ने लाभार्थी योजनाओं के तहत पात्र लोगों को चेक और आवास की चाबियाँ प्रदान कीं। उन्होंने निर्देश दिया कि जनपद स्थापना दिवस को श्री राम नगरिया मेले में ‘जिला महोत्सव दिवस’ के रूप में मनाया जाए।
प्रेस वार्ता में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता रामगोपाल यादव के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए जयवीर सिंह ने पलटवार किया। रामगोपाल ने कहा था कि “रावण के दस सिर थे, भाजपा के पचास।” इस पर मंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी घुसपैठियों, बेईमानी और डंपिंग के सहारे चुनाव जीतती थी। उन्होंने बिहार में साफ-सुथरी मतदाता सूची के परिणामों का हवाला देते हुए कहा कि वहां अब “इनकी सफाई हो गई है।






