आगरा में आवासीय क्रांति: योगी सरकार की दो मेगा टाउनशिप ‘हर परिवार को घर’ का संकल्प

संवाद 24 आगरा। उत्तर प्रदेश सरकार आम नागरिकों के लिए किफायती और आधुनिक आवास उपलब्ध कराने के लक्ष्य को तेजी से जमीन पर उतार रही है। इसी क्रम में आगरा विकास प्राधिकरण (एडीए) शहर में दो बड़ी मेगा आवासीय योजनाओं ‘अटल पुरम टाउनशिप’ और ‘ग्रेटर आगरा योजना’ को आकार दे रहा है। दोनों परियोजनाएं न सिर्फ शहर के संतुलित व व्यवस्थित विस्तार को दिशा देंगी, बल्कि मध्यम वर्ग के लिए हाईटेक सुविधाओं से युक्त प्लॉट सस्ती दरों पर उपलब्ध कराएंगी।

अटल पुरम टाउनशिप: 10 हजार परिवारों के लिए नया शहर
ग्वालियर रोड स्थित ककुआ-भांडई क्षेत्र में विकसित हो रही अटल पुरम टाउनशिप लगभग 10,000 परिवारों (करीब 50 हजार आबादी) को बसाने की क्षमता के साथ तैयार की जा रही है। पहले चरण में सेक्टर-1, 2 और 3 की बुकिंग को मिल रही जबरदस्त प्रतिक्रिया के बाद अब एडीए फेस-2 शुरू करने जा रहा है। 21 नवंबर से सेक्टर-4, 5, 6 और 7 के कुल 518 प्लॉट्स की ऑनलाइन बुकिंग शुरू होगी। प्लॉट की कीमत ₹29,500 प्रति वर्ग मीटर तय की गई है, जिसे किफायती दर माना जा रहा है।

ग्रेटर आगरा योजना: 442 हेक्टेयर में भविष्य का आधुनिक शहर
शहर के दीर्घकालिक विकास को ध्यान में रखते हुए एडीए एक्सप्रेस-वे और इनर रिंग रोड के पास 442 हेक्टेयर में ग्रेटर आगरा योजना विकसित कर रहा है। इस मेगा प्रोजेक्ट में कुल 10 टाउनशिप बनाई जाएंगी। एडीए अब तक 140 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण पूरा कर चुका है। पहले चरण में ‘नर्मदा पुरम’ और ‘गंगा पुरम’ टाउनशिप का विकास शुरू होगा। इन क्षेत्रों में सड़क, हरित पट्टियाँ, सामुदायिक सुविधाएं, आधुनिक इन्फ्रास्ट्रक्चर और नियोजित लेआउट के साथ भविष्य का हाईटेक आगरा बसाने का लक्ष्य है।

नियोजित विकास और किफायती आवास पर फोकस
एडीए की उपाध्यक्ष एम. अरुन्मोली ने बताया कि ये परियोजनाएं प्रदेश सरकार के ‘हर परिवार को घर’ संकल्प को साकार करने की दिशा में बड़ा कदम हैं। उन्होंने कहा “हमारा उद्देश्य शहर का विस्तार बिना अव्यवस्था बढ़ाए, सुनियोजित और भविष्य उन्मुख तरीके से करना है। अटल पुरम और ग्रेटर आगरा योजनाएं आम लोगों को किफायती कीमत पर गुणवत्तापूर्ण आवास उपलब्ध कराएंगी।” उन्होंने यह भी बताया कि अटल पुरम की पहली चरण की लोकप्रियता और भारी बुकिंग ने इन योजनाओं की सफलता को पहले ही सुनिश्चित कर दिया है।

सपनों का घर अब आम आदमी की पहुंच में
अटल पुरम योजना में प्लॉट खरीदने वाली आवेदक सुनाक्षी चंदेल ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा “आगरा में अच्छी लोकेशन पर प्लॉट लेना हमेशा मुश्किल रहा है, लेकिन योगी सरकार की इस योजना ने हम जैसे परिवारों को सुनहरा अवसर दिया है। ये टाउनशिप हमारे भविष्य के लिए बेहतर और सुरक्षित माहौल प्रदान करेंगी।”

अटल पुरम और ग्रेटर आगरा जैसी मेगा योजनाएं न सिर्फ शहर के विकास को नई दिशा दे रही हैं, बल्कि हजारों परिवारों के घर के सपने को सच कर रही हैं। आधुनिक सुविधाओं, किफायती दरों और नियोजित शहरीकरण के साथ आगरा भविष्य के एक स्मार्ट और सुव्यवस्थित शहर की ओर तेजी से बढ़ रहा है।

Samvad 24 Office
Samvad 24 Office

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News