झगड़े की जांच करने गई पुलिस टीम पर जानलेवा हमला: दरोगा का दबाया गला, बरसाए ईंट-पत्थर, 3 पुलिसकर्मी घायल

संवाद 24 कन्नौज/गुरसहायगंज। उत्तर प्रदेश के जनपद कन्नौज अंतर्गत गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र के समधन कस्बे में गुरुवार दोपहर झगड़े और फायरिंग के एक मामले की जांच करने पहुंची पुलिस टीम पर उपद्रवियों ने हमला बोल दिया। हमले में एक उपनिरीक्षक (एसआई) समेत तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए, जबकि दूसरे पक्ष से भी जुनैद व एक अन्य युवक के चोटिल होने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद पूरे कस्बे में भारी तनाव फैल गया, दुकानदारों ने आनन-फानन में बाजार बंद कर दिया और लोग अपने घरों में दुबक गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सीओ सिटी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और कस्बे में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पीएसी (PAC) तैनात कर दी गई है।

ई-रिक्शा विवाद और फायरिंग की जांच करने पहुंची थी पुलिस टीम

पूरा मामला समधन कस्बे के गरदाबाद मोहल्ले का है। जानकारी के अनुसार, बीती रात ई-रिक्शा खड़ा करने को लेकर उरूज उर्फ करिया और सूफील के बीच विवाद हो गया था। आरोप है कि विवाद के दौरान एक राउंड फायरिंग भी की गई थी। रात में सूचना मिलने पर डायल-112 और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची थी, लेकिन आरोपी के घर पर ताला लगा मिला और वहां कोई मौजूद नहीं था। गुरुवार दोपहर बाद एसआई सूर्यप्रकाश उपाध्याय पुलिसकर्मियों के साथ इसी मामले की जांच करने दोबारा समधन पहुंचे। स्थानीय स्तर पर आरोप है कि पुलिस टीम झगड़े में शामिल युवकों के घर जाने के बजाय मिठाई कारोबारी दिलशाद उर्फ तौला हाजी के घर पहुंच गई, जहां पुलिसकर्मियों और कारोबारी के बीच कहासुनी हो गई। इसी बीच कारोबारी के बेटे भी मौके पर आ गए और देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।

लाठी-डंडों से हमला, एसआई का गला दबाने का आरोप; 6 नामजद समेत कई पर केस

हमले में एसआई सूर्यप्रकाश उपाध्याय, कांस्टेबल सत्यप्रकाश और कांस्टेबल आदेश कुमार चोटिल हो गए। एसआई सूर्यप्रकाश उपाध्याय की तहरीर पर गुरसहायगंज कोतवाली में मो. जुनैद, राशिद, वाशिद, दिलशाद उर्फ तौला हाजी, नियाज और वाशिल के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की गई है। इसके अलावा हमलावरों के परिजनों और मोहल्ले के अन्य महिला-पुरुषों को भी मुकदमे में शामिल किया गया है। तहरीर में एसआई ने आरोप लगाया है कि जांच के दौरान दिलशाद उर्फ तौला हाजी, उसके बेटों और घर की महिलाओं ने एकजुट होकर सरकारी कार्य में बाधा डाली। हमलावरों ने पुलिस टीम पर लाठी-डंडों से हमला किया, ईंट-पत्थर फेंके और इस दौरान एसआई का गला भी दबाया गया। घटना की सूचना मिलते ही गुरसहायगंज कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी जुनैद और वाशिल को हिरासत में ले लिया है। मामले की विवेचना कस्बा चौकी प्रभारी विकल्प चतुर्वेदी को सौंपी गई है।

मुख्य आरोपी के मकान पर नगर पंचायत का नोटिस, 3 दिन में अतिक्रमण हटाने की चेतावनी

पुलिस टीम पर हमले के बाद अब प्रशासन ने भी सख्त रुख अपना लिया है। हमले के मुख्य आरोपी बताए जा रहे दिलशाद उर्फ तौला हाजी के मकान पर नगर पंचायत समधन की ओर से नोटिस चस्पा कर दिया गया है। नोटिस में आरोप लगाया गया है कि संबंधित मकान का निर्माण नगर पंचायत की भूमि पर अतिक्रमण कर कराया गया है, जिससे आम नागरिकों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नगर पंचायत प्रशासन ने आरोपी पक्ष को तीन दिन के भीतर स्वयं अतिक्रमण हटाने का अल्टीमेटम दिया है। निर्धारित समयसीमा में अतिक्रमण न हटाने पर नगर पंचायत द्वारा कार्रवाई कर अतिक्रमण ध्वस्त करने और उसका पूरा खर्च संबंधित पक्ष से वसूलने की कड़ी चेतावनी दी गई है।

Samvad 24 Office
Samvad 24 Office

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *