कन्नौज के किसानों के लिए बड़ी खबर: सुपर सीडर से किसान ड्रोन तक पर मिलेगा अनुदान, 5 दिसंबर तक करें ऑनलाइन बुकिंग

कन्नौज जिले के किसानों के लिए कृषि यंत्रों पर सरकारी अनुदान पाने का अवसर सामने आया है। सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन और फसल अवशेष प्रबंधन योजना के अंतर्गत विभिन्न कृषि यंत्रों पर अनुदान के लिए ऑनलाइन बुकिंग शुरू हो गई है। किसान 5 दिसंबर 2026 की रात 12 बजे तक आवेदन कर सकते हैं।

इन कृषि यंत्रों पर मिलेगा अनुदान

उप कृषि निदेशक संतोष कुमार के अनुसार, सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन योजना के तहत कल्टीवेटर और हैरो के दो-दो, लेजर लैंड लेवलर के दो, मिनी दाल मिल के दो, मल्टी कॉप प्लांटर के पांच, मल्टीकॉप थ्रेसर के दो और न्यूमैटिक प्लांटर के तीन यंत्रों पर अनुदान के लिए बुकिंग होगी।इसके अतिरिक्त पोटैटो डिगर और पोटैटो प्लांटर के सात-सात, पावर टिलर के छह तथा पावर चॉप कटर, रोटावेटर, सोलर ड्रायर और स्ट्रॉ रीपर के दो-दो यंत्रों को शामिल किया गया है। कंबाइन हार्वेस्टर विद सुपर एसएमएस और किसान ड्रोन के एक-एक यंत्र पर भी अनुदान मिलेगा। इसके साथ ही 10 लाख रुपये की परियोजना लागत वाले एक कस्टम हायरिंग सेंटर को भी योजना में शामिल किया गया है।

सुपर सीडर और जीरो टिल ड्रिल पर भी मिलेगा लाभ

फसल अवशेष प्रबंधन योजना के अंतर्गत एक सेल्फ प्रोपेल्ड रीपर कम बाइंडर, चार सुपर सीडर और पांच जीरो टिल सीड कम फर्टिलाइजर ड्रिल पर अनुदान के लिए ऑनलाइन बुकिंग की व्यवस्था की गई है। इन आधुनिक कृषि यंत्रों से किसानों को फसल अवशेष प्रबंधन और गेहूं की बुवाई में मदद मिल सकती है। साथ ही पराली जलाने की समस्या कम करने में भी इनकी महत्वपूर्ण भूमिका हो सकती है।

जनसेवा केंद्र से भी कर सकेंगे आवेदन

उप कृषि निदेशक ने बताया कि किसान 26 नवंबर को सुबह 11 बजे से 5 दिसंबर की रात 12 बजे तक विभागीय पोर्टल पर ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं। किसान स्वयं पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं अथवा नजदीकी जनसेवा केंद्र (CSC) की सहायता ले सकते हैं।किसानों से अपील की गई है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी करें और योजना का लाभ उठाने के लिए आवश्यक जानकारी पहले ही प्राप्त कर लें।

आवेदन से पहले ध्यान दें

कृषि यंत्रों की उपलब्धता, पात्रता, अनुदान की दर और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी आधिकारिक पोर्टल या कृषि विभाग के कार्यालय से अवश्य प्राप्त करें। सभी यंत्रों पर अनुदान की राशि समान होना आवश्यक नहीं है।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *