आसमान में जांबाजों के हैरतअंगेज करतब, राजपूत रेजिमेंट सेंटर में 17वें द्विवार्षिक सम्मेलन का भव्य आयोजन

संवाद 24 फर्रुखाबाद/फतेहगढ़। उत्तर प्रदेश के जनपद फर्रुखाबाद स्थित फतेहगढ़ के ऐतिहासिक राजपूत रेजिमेंटल सेंटर में 17वें द्विवार्षिक सम्मेलन का भव्य आयोजन किया जा रहा है। शुक्रवार को इस गौरवशाली समारोह में मिजोरम के राज्यपाल एवं पूर्व थल सेनाध्यक्ष जनरल (सेवानिवृत्त) वीके सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में पहुंचने पर उनका सैन्य परंपरा के अनुरूप भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर राज्यपाल ने युद्ध स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर शहीद सैनिकों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी और देश सेवा में अपने प्राण न्योछावर करने वाले जांबाजों की वीर नारियों को सम्मानित कर उनका हौसला बढ़ाया।

तकनीक के साथ बदल रही सैन्य ट्रेनिंग : वीके सिंह

मीडिया से संवाद करते हुए मिजोरम के राज्यपाल जनरल वीके सिंह ने कहा कि बीते वर्षों में राजपूत रेजिमेंट ने हर मोर्चे पर अभूतपूर्व प्रगति की है। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना, रेजिमेंटल सेंटर और पूरी रेजिमेंट पूरी निष्ठा, लगन और उच्च दक्षता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रही है, जिससे भविष्य में भी गौरवशाली उपलब्धियों की पूरी उम्मीद है। सैन्य प्रशिक्षण में आ रहे बदलावों के सवाल पर पूर्व थल सेनाध्यक्ष ने कहा कि बदलते दौर, नई चुनौतियों और आधुनिक तकनीक के साथ-साथ सेना की ट्रेनिंग पद्धति भी निरंतर अपग्रेड हो रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुराने और वर्तमान समय के सैनिकों के प्रशिक्षण में शारीरिक दक्षता और कठोर अभ्यास का आधार आज भी एक समान है, लेकिन वर्तमान युद्ध की जरूरतों को देखते हुए अब तकनीकी पहलुओं और आधुनिक उपकरणों के संचालन पर विशेष जोर दिया जा रहा है। ट्रेनिंग की गुणवत्ता के मामले में राजपूत रेजिमेंट को उत्कृष्ट बताते हुए उन्होंने अग्निवीरों का कार्यकाल दो वर्ष बढ़ाने के निर्णय को भी बेहद सकारात्मक और स्वागतयोग्य कदम करार दिया।

फतेहगढ़ को मिलेगी बड़ी सौगात: गंगा एक्सप्रेसवे और आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे से जुड़ेगी राह

क्षेत्र के बुनियादी ढांचे और विकास की चर्चा करते हुए जनरल वीके सिंह ने एक बड़ी जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि गंगा एक्सप्रेसवे और आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे को आपस में जोड़ने वाला महत्वपूर्ण लिंक मार्ग फतेहगढ़ से होकर गुजरेगा। इस एक्सप्रेसवे कनेक्टिविटी के बनने से फर्रुखाबाद और फतेहगढ़ क्षेत्र के आम नागरिकों, व्यापारियों तथा सैन्य आवागमन के लिए सफर बेहद सुगम और तेज हो जाएगा, जिससे पूरे इलाके के आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।

पैरामोटर के हैरतअंगेज करतब और आर्मी डॉग शो ने जीता दर्शकों का दिल

द्विवार्षिक सम्मेलन के दौरान सैन्य कौशल और अनुशासन का शानदार प्रदर्शन भी देखने को मिला। कार्यक्रम की शुरुआत में पैरामोटर शो का आयोजन किया गया, जिसमें सेना के जांबाज जवानों ने आसमान में पैरामोटर के जरिए अद्भुत और हैरतअंगेज हवाई करतब दिखाकर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। इसके उपरांत आर्मी डॉग शो का आयोजन हुआ, जो आकर्षण का मुख्य केंद्र रहा। प्रशिक्षित सैन्य श्वानों ने सलामी देने, पतली रस्सी पर संतुलन बनाकर चलने, ऊंची सीढ़ी पर चढ़ने और अतिथियों को पुष्पगुच्छ भेंट कर धन्यवाद ज्ञापित करने जैसे अनुशासित करतब दिखाए। साथ ही, इस बात का जीवंत डेमो भी प्रस्तुत किया गया कि किस प्रकार सैन्य श्वान जवानों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर आतंकवादियों की धरपकड़ और खोजबीन अभियानों को अंजाम देते हैं।

सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम, सुबह के समय किया गया रूट डायवर्जन

वीवीआईपी कार्यक्रम को देखते हुए फतेहगढ़ छावनी क्षेत्र और आसपास के इलाकों में सुबह से ही सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए जेएनवी तिराहे से रूट डायवर्जन लागू किया गया। इस दौरान वाहनों को जेएनवी तिराहे से मोड़कर रखा चौराहे के रास्ते निकाला गया, जबकि मिलिट्री चौराहे की ओर जाने वाले मार्ग को पूरी तरह बंद रखा गया था। सुरक्षा व्यवस्था में सेना के जवानों के साथ-साथ स्थानीय पुलिस बल भी मुस्तैद रहा। दोपहर में मुख्य कार्यक्रम संपन्न होने के बाद बैरिकेडिंग हटाकर यातायात सामान्य कर दिया गया।

Samvad 24 Office
Samvad 24 Office

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *