
संवाद 24 फर्रुखाबाद/फतेहगढ़। दीपावली और धनतेरस के पावन पर्व पर बाजारों में उमड़ रही खरीदारों की भारी भीड़ को सुगम यातायात देने के लिए पुलिस और प्रशासन ने नया ट्रैफिक प्लान लागू कर दिया है। शहर के मुख्य बाजारों को जाममुक्त रखने के लिए शुक्रवार से ई-रिक्शा और चार पहिया वाहनों (कारों) के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है। बाजारों में केवल दोपहिया वाहनों और पैदल जाने वाले ग्राहकों को ही प्रवेश की अनुमति दी गई है। इसके साथ ही आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने भी विशेष इंतजाम किए हैं।
लाल गेट और मिलिट्री चौराहे पर बैरिकेडिंग, इन जगहों पर होगी पार्किंग
सीओ सिटी अभय वर्मा के अनुसार, नई व्यवस्था के तहत फर्रुखाबाद शहर में लाल गेट से सीधे मुख्य बाजार में जाने वाले ई-रिक्शों और चार पहिया वाहनों को रोका जाएगा। शहर में आने वाले वाहनों के लिए ठंडी सड़क पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है, जहां ग्राहक अपनी गाड़ियां पार्क कर पैदल या दोपहिया से बाजार जा सकेंगे। यही व्यवस्था फतेहगढ़ के प्रमुख बाजार में भी सख्ती से लागू की गई है। फतेहगढ़ में मिलिट्री चौराहे पर बैरिकेडिंग लगाकर कारों और ई-रिक्शों के प्रवेश को रोका गया है। फतेहगढ़ आने वाले खरीदारों के चार पहिया वाहनों के लिए कैंट के निकट पार्किंग स्थल बनाया गया है। पुलिस का उद्देश्य संकरे व्यापारिक गलियारों में पैदल चलने वाले ग्राहकों और परिवारों को जाम की समस्या से बचाना है।
लोहिया अस्पताल में आंख और ईएनटी विशेषज्ञ अलर्ट, बर्न वार्ड तैयार
त्योहार के दौरान पटाखों या अन्य दुर्घटनाओं की आशंका के मद्देनजर स्वास्थ्य विभाग ने आपातकालीन सेवाओं को मजबूत किया है। डॉ. राममनोहर लोहिया संयुक्त चिकित्सालय के इमरजेंसी विभाग में सर्जन पहले से तैनात हैं। लोहिया अस्पताल के सीएमएस डॉ. जगमोहन शर्मा ने बताया कि दीपावली पर्व के दौरान शनिवार और रविवार को नेत्र रोग (आंख) और ईएनटी (कान-नाक-गला) विशेषज्ञ ऑन-कॉल रहेंगे। इमरजेंसी में किसी भी मरीज के आने पर उन्हें तत्काल उपचार के लिए बुलाया जाएगा। इसके अतिरिक्त पटाखों से झुलसने की घटनाओं को देखते हुए अस्पताल का बर्न वार्ड सभी आवश्यक दवाओं और सुविधाओं के साथ पूरी तरह तैयार रखा गया है।
धनतेरस पर बाजारों में जबरदस्त रौनक: बर्तन और चांदी के सिक्कों की बंपर बिक्री
धनतेरस के अवसर पर शुक्रवार सुबह से ही फर्रुखाबाद और फतेहगढ़ के बाजारों में ग्राहकों का भारी हुजूम देखा गया। सर्राफा, बर्तन और इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकानें ग्राहकों से गुलजार रहीं। महंगाई के असर के बावजूद लोगों में त्योहार की खरीदारी को लेकर भारी उत्साह देखने को मिला। बर्तन बाजार में स्टील, पीतल और तांबे के बर्तनों की दुकानों पर दिनभर भीड़ बनी रही। परंपरा के अनुसार लोगों ने अपनी रसोई और पूजा के लिए नए बर्तन खरीदे। वहीं सर्राफा बाजार में सोने के हल्के गहनों और चांदी के सिक्कों व मूर्तियों की जबर्दस्त मांग रही। सर्राफा व्यापारी अनुपम रस्तोगी और शिवांग रस्तोगी ने बताया कि इस बार चांदी की मांग काफी अधिक है और दुकानों पर लगातार ग्राहकों की आवाजाही से कारोबार में अच्छा उछाल देखने को मिल रहा है।






