
संवाद 24 शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश के जनपद शाहजहांपुर अंतर्गत मदनापुर थाना क्षेत्र में पड़ोसियों को गंभीर मुकदमे में फंसाने के लिए रची गई एक सनसनीखेज साजिश का पुलिस ने महज पांच घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया। पुरानी रंजिश और कानूनी विवाद के चलते एक युवक ने तमंचे से खुद अपने पैर में गोली मार ली और फिर सड़क किनारे लेटकर डायल 112 को सूचना दी कि बाइक सवार पड़ोसियों ने उस पर जानलेवा हमला कर दिया है। पुलिस की प्राथमिक पड़ताल, फॉरेंसिक साक्ष्यों और युवक के 5 वर्षीय मासूम बेटे व ससुराल पक्ष के बयानों ने इस पूरी झूठी कहानी की कलई खोलकर रख दी। पुलिस ने युवक की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त तमंचा बरामद कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
डायल 112 पर दी थी सूचना, घायल अवस्था में रास्ते पर पड़ा मिला युवक
हालपुर पट्टी निवासी रविंद्र सिंह उर्फ टिल्लू ने रविवार दोपहर पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी कि जब वह अपनी ससुराल ढुकुरी खुर्द जा रहा था, तभी बरुआ पट्टी सनायक से ढुकुरी खुर्द जाने वाले कच्चे रास्ते पर खादिया हार के पास बाइक सवार दो पड़ोसियों ने उसे घेर लिया और जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। सूचना पर पहुंची यूपी-112 पुलिस को रविंद्र रास्ते पर घायल अवस्था में मिला, जिसके सीधे पैर में गोली लगी थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मदनापुर में भर्ती कराया।
फॉरेंसिक जांच और बयानों से खुला राज: ससुराल में मारी थी खुद को गोली
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए मदनापुर थाना प्रभारी निरीक्षक सत्य प्रकाश सिंह और सीओ सदर शुभम वर्मा फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जब पुलिस ने घटनास्थल का तकनीकी मुआयना किया और आसपास के खेतों में काम कर रहे किसानों से पूछताछ की, तो मौके पर किसी भी तरह के संघर्ष या बाहरी हमलावरों के साक्ष्य नहीं मिले। संदेह गहराने पर पुलिस टीम युवक की ससुराल गांव ढुकुरी खुर्द पहुंची। वहां परिजनों और ग्रामीणों से की गई पूछताछ में पूरी सच्चाई सामने आ गई। परिजनों ने बताया कि दोपहर के समय गोली चलने की आवाज ससुराल के पास से आई थी। रविंद्र के लगभग 5 वर्षीय बेटे ने पुलिस को बताया कि उसके पिता ने खुद तमंचे से अपने पैर में गोली मारी थी। युवक की सास और अन्य ससुरालियों ने भी पुष्टि की कि रविंद्र अपने एक साथी के साथ नशे की हालत में तमंचा लेकर आया था और मना करने के बावजूद उसने खुद पर गोली चला ली।
मुकदमेबाजी का बदला लेने के लिए रची थी साजिश
पुलिस जांच के अनुसार, पड़ोसियों ने पूर्व में रविंद्र और उसके परिवार के खिलाफ न्यायालय में एक परिवाद दाखिल किया था। इसी कानूनी विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच लगातार तनाव और विवाद चल रहा था। पड़ोसियों को जेल भिजवाने और दबाव बनाने के लिए रविंद्र ने खुद को गोली मारने की योजना बनाई।
ससुराल के पास गोली मारने के बाद वह अपने साथी के साथ बरुआ पट्टी सनायक की ओर गया और रास्ते में लेटकर पुलिस को झूठी सूचना देकर गुमराह करने का प्रयास किया। पुलिस ने घटनास्थल से खून के नमूने जुटाए हैं और युवक द्वारा छिपाया गया तमंचा भी बरामद कर लिया है। अधिकारियों के मुताबिक, झूठी सूचना देकर पुलिस को गुमराह करने और अवैध असलहा रखने के मामले में युवक के खिलाफ सुसंगत धाराओं में अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।






