
जिले के मोहम्मदाबाद क्षेत्र स्थित खिमसेपुर औद्योगिक क्षेत्र में मंगलवार तड़के एक टायर रिप्लेसिंग फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि उसे बुझाने के लिए फर्रुखाबाद, मैनपुरी और कन्नौज से दमकल की छह गाड़ियां बुलानी पड़ीं। कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया। जले हुए टायरों के मलबे को जेसीबी से हटाने के दौरान नीचे दबी आग दोबारा भड़क उठी, जिससे दमकल कर्मियों को फिर से मोर्चा संभालना पड़ा।
चौकीदार ने डायल 112 पर दी सूचना, मौके पर पहुंची पुलिस
फैक्ट्री में आग लगने की जानकारी सबसे पहले वहां तैनात चौकीदार उपेंद्र ने डायल 112 पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें घटनास्थल पर पहुंच गईं। प्रभारी निरीक्षक बलराम मिश्रा और चौकी इंचार्ज सुनील कुमार गोयल ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। आग की गंभीरता को देखते हुए दूसरे जिलों से भी दमकल की गाड़ियां मंगाई गईं।
20 टैंकर पानी खर्च, फिर भी टायरों के नीचे सुलगती रही आग
आग बुझाने के लिए दमकल विभाग को भारी मशक्कत करनी पड़ी। बताया गया कि अब तक करीब 20 टैंकर पानी का इस्तेमाल किया जा चुका है। फैक्ट्री के पास पानी की पर्याप्त उपलब्धता नहीं होने के कारण दमकल की गाड़ियां करीब एक किलोमीटर दूर स्थित एक कोल्ड स्टोर से पानी ला रही थीं जले हुए टायरों को जेसीबी की मदद से हटाया जा रहा था। मलबा हटने पर नीचे दबी आग फिर से तेज हो जाती थी। ऐसे में आग को पूरी तरह बुझाने के लिए बार-बार पानी डालना पड़ा। टायरों के ढेर में आग अंदर तक सुलगने के कारण राहत एवं बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण बना रहा।
फैक्ट्री में छह कर्मचारी करते हैं काम, सभी के बाहर निकलने की जानकारी
फैक्ट्री मालिक अरविंद पांडे के मुताबिक, उन्हें रात करीब साढ़े तीन बजे चौकीदारों ने आग लगने की सूचना दी। उन्होंने बताया कि फैक्ट्री में छह कर्मचारी काम करते हैं। आग लगने के बाद कर्मचारियों ने शुरुआती स्तर पर उसे बुझाने का प्रयास किया, लेकिन लपटें तेजी से फैलने लगीं। स्थिति बिगड़ती देख कर्मचारी बाहर निकल गए।
लाखों के नुकसान की आशंका, आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं
टायर फैक्ट्री में लगी आग से भारी आर्थिक नुकसान की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग में कितने टायर और अन्य सामान जले हैं, इसका आकलन अभी नहीं हो सका है। आग लगने की वास्तविक वजह भी फिलहाल स्पष्ट नहीं है। नुकसान का आकलन और आग लगने के कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
तीन जिलों की दमकल टीमों ने संभाला मोर्चा
आग बुझाने के अभियान में फर्रुखाबाद की चार, मैनपुरी की एक और कन्नौज की एक दमकल गाड़ी लगाई गई। कुल छह गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया। जले टायरों के मलबे में आग दोबारा भड़कने के कारण अभियान में अतिरिक्त सावधानी बरतनी पड़ी।






