समर स्टार्टर का तार जोड़ते समय 22 वर्षीय युवक की करंट लगने से मौत, परिवार ने नहीं कराया पोस्टमार्टम

कन्नौज/उमर्दा। ठठिया थाना क्षेत्र के बलनापुर गांव में गुरुवार सुबह घरेलू समर पंप का स्टार्टर ठीक करते समय करंट की चपेट में आने से 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना शव का अंतिम संस्कार कर दिया।

पानी भरने के लिए चलाने गया था समर

जानकारी के अनुसार बलनापुर निवासी गौरव पुत्र सुधीश सक्सेना सुबह करीब आठ बजे घर में पानी भरने के लिए समर पंप चालू करने गया था। समर चालू नहीं हुआ तो उसने स्टार्टर खोलकर उसकी जांच की। बताया गया कि स्टार्टर का एक तार टूटा हुआ था।

तार जोड़ते ही दौड़ा करंट, मौके पर गई जान

परिजनों के मुताबिक गौरव स्टार्टर के टूटे तार को जोड़ने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान बिजली आपूर्ति आने से वह करंट की चपेट में आ गया। घटना इतनी अचानक हुई कि परिजन जब तक कुछ समझ पाते, गौरव की मौत हो चुकी थी। हादसे के बाद घर में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए।

पोस्टमार्टम से किया इनकार, मेहंदी घाट पर अंतिम संस्कार

युवक की मौत के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना देने और पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। इसके बाद परिजन शव को लेकर मेहंदी घाट पहुंचे, जहां अंतिम संस्कार कर दिया गया।

चार भाई-बहनों में चौथे नंबर पर था गौरव

परिजनों के अनुसार गौरव अपने भाई-बहनों सोनम, प्रदीप, शिवा और शिवानी में चौथे नंबर का था। महज 22 वर्ष की उम्र में हुई उसकी मौत से परिवार और गांव में शोक का माहौल है।

पुलिस को नहीं मिली घटना की सूचना

ठठिया थाना प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि पुलिस को इस घटना के संबंध में कोई सूचना नहीं दी गई है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार मामले में पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई है।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *