कन्नौज में बस का चालान कटने पर श्रद्धालुओं का हंगामा, हाईवे पर 20 मिनट तक लगा जाम

कन्नौज जिले के छिबरामऊ क्षेत्र में परिवहन विभाग द्वारा श्रद्धालुओं से भरी एक निजी बस का चालान किए जाने के बाद यात्रियों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए नेशनल हाईवे पर जाम लगा दिया। लगभग 20 मिनट तक चले इस प्रदर्शन के कारण हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। बाद में अधिकारियों की समझाइश के बाद यातायात सामान्य हो सका।

धार्मिक यात्रा से लौट रही थी श्रद्धालुओं की बस

जानकारी के अनुसार, गोरखपुर के श्रद्धालुओं का एक दल 15 दिवसीय धार्मिक यात्रा पूरी कर लौट रहा था। श्रद्धालु झारखंड, बिहार, राजस्थान और उत्तराखंड के विभिन्न धार्मिक स्थलों के दर्शन करने के बाद मथुरा से अयोध्या जा रहे थे। इसी दौरान छिबरामऊ के आगे परिवहन विभाग की टीम ने बस को रोककर दस्तावेजों की जांच की और कथित अनियमितता मिलने पर 14 हजार रुपये का चालान कर दिया।

चालान का विरोध, हाईवे पर लगाया जाम

चालान की कार्रवाई से नाराज श्रद्धालुओं ने सिकंदरपुर के पास नेशनल हाईवे पर बस खड़ी कर विरोध शुरू कर दिया। प्रदर्शन के चलते लगभग 20 मिनट तक यातायात प्रभावित रहा और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलने पर संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचे और श्रद्धालुओं से वार्ता कर उन्हें शांत कराया, जिसके बाद जाम समाप्त हुआ।

श्रद्धालुओं ने उठाए कार्रवाई पर सवाल

श्रद्धालुओं का कहना था कि यदि बस के दस्तावेजों या परमिट में कोई कमी थी तो यात्रा के दौरान अन्य राज्यों में कार्रवाई क्यों नहीं की गई। उन्होंने परिवहन विभाग की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए इसे अनुचित बताया।

परिवहन विभाग ने कार्रवाई को बताया नियमसम्मत

उप संभागीय परिवहन अधिकारी (पीटीओ) सुनीता सैनी ने कहा कि विभाग की कार्रवाई पूरी तरह सड़क सुरक्षा और परिवहन नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की जाती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी को अनावश्यक परेशान करने का उद्देश्य नहीं है तथा जिन वाहनों में नियमों का उल्लंघन पाया जाता है, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाती है। विभाग का चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *