
गुरु पूर्णिमा पर मेहंदी घाट सहित जिले के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए कन्नौज में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने व्यापक जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान खानपान की दुकानों का निरीक्षण किया गया, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की गई तथा संदिग्ध खाद्य सामग्री के नमूने लेकर प्रयोगशाला भेजे गए। अधिकारियों ने दुकानदारों को स्वच्छता बनाए रखने और निर्धारित नियमों का पालन करने के निर्देश भी दिए।
मेहंदी घाट क्षेत्र में दुकानों की हुई जांच
सोमवार शाम खाद्य सुरक्षा अधिकारी अरविंद कुमार साहू एवं मंजरी मिश्रा के नेतृत्व में टीम ने मेहंदी घाट पुल के आसपास स्थित खानपान की दुकानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दुकानदारों को खाद्य सामग्री को ढककर रखने, परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने तथा ग्राहकों के लिए रेट लिस्ट अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए। विभाग का उद्देश्य गुरु पूर्णिमा पर आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है।
तिर्वा में दूध, पनीर और बर्फी के लिए गए नमूने
अभियान के तहत तिर्वा के गांधीनगर स्थित अमूल अड्डा से दूध के दो नमूने संग्रहित किए गए। साथ ही विक्रेता को खाद्य पंजीकरण में आवश्यक संशोधन शीघ्र कराने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त खैरनगर चौराहा स्थित राधे मोहन स्वीट्स से बर्फी और पनीर के नमूने भी जांच के लिए लिए गए। निरीक्षण के दौरान गंदगी मिलने पर संबंधित दुकानदार को स्वच्छता व्यवस्था सुधारने की चेतावनी दी गई।
प्रयोगशाला रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार सभी नमूनों को परीक्षण के लिए अधिकृत प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि किसी खाद्य पदार्थ में गुणवत्ता संबंधी अनियमितता या मिलावट पाई जाती है, तो संबंधित खाद्य कारोबारियों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
डीएम के निर्देश पर जारी रहेगा अभियान
खाद्य सुरक्षा अधिकारी अरविंद कुमार साहू ने बताया कि जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री के निर्देश पर जिलेभर में खाद्य सुरक्षा जांच अभियान नियमित रूप से जारी रहेगा। विभाग का लक्ष्य आमजन और श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना है तथा खाद्य सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करना।






