मदद के बहाने लाखों के जेवर और नकदी लेकर हुआ फरार… फिर चढ़ा पुलिस के हत्थे

फर्रुखाबाद। रोडवेज बसों में यात्रियों को निशाना बनाने वाले शातिर चोरों का एक मामला सामने आया है। शमशाबाद क्षेत्र की रहने वाली एक महिला के ट्रॉली बैग से लाखों रुपये के सोने के जेवर और नकदी चोरी कर ली गई। खास बात यह रही कि वारदात के एक दिन बाद महिला ने उसी युवक को बस अड्डे पर पहचान लिया और लोगों की मदद से पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच तेज कर दी है।

पीड़िता उमा देवी, जो शमशाबाद थाना क्षेत्र के कलुआपुर गांव निवासी राजीव कुमार की पत्नी हैं, सोमवार सुबह हरदोई जिले के सवायजपुर स्थित अपने मायके जाने के लिए रोडवेज बस में सवार हुई थीं। आरोप है कि इसी दौरान एक युवक मदद करने के बहाने उनका ट्रॉली बैग उठाकर बस में रखवाने लगा। इसी अवसर का फायदा उठाते हुए उसने बैग को पीछे ले जाकर उसका लॉक तोड़ दिया और उसमें रखे कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया।

हरदोई जा रही महिला यात्री को बनाया निशाना, बस अड्डे पर पहचानते ही आरोपी को दबोचा

महिला के अनुसार ट्रॉली बैग से दो सोने के पेंडल, एक जोड़ी सोने के कुंडल, एक सोने का फूल तथा 25 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए गए। चोरी गए जेवरों की कीमत करीब एक लाख रुपये बताई गई है। घटना के बाद पीड़िता ने मामले की जानकारी पुलिस को दी।

मंगलवार दोपहर जब उमा देवी दोबारा बस अड्डे पहुंचीं तो उनकी नजर उसी युवक पर पड़ी, जिस पर उन्हें चोरी का संदेह था। उन्होंने तुरंत उसे पहचान लिया और आसपास मौजूद लोगों की मदद से पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। इसके बाद कादरी गेट थाना पुलिस ने महिला की तहरीर के आधार पर चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने अपने एक अन्य साथी का भी नाम बताया है। पुलिस आरोपी को उसके गांव ले जाकर चोरी गए रुपये और जेवर बरामद करने का प्रयास कर रही है। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक बरामदगी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई थी।

कादरी गेट थाना प्रभारी कपिल कुमार ने बताया कि मामले के खुलासे और चोरी गए सामान की बरामदगी के लिए पुलिस टीम सक्रिय है। आरोपी से पूछताछ जारी है और जल्द ही पूरे प्रकरण का खुलासा किए जाने की संभावना है।

Anuj Singh
Anuj Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *