UPTET-2026 को लेकर फतेहगढ़ में हाई अलर्ट, डीएम डॉ. अंकुर लाठर ने दिए सख्त निर्देश

फतेहगढ़। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET)-2026 को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए फर्रुखाबाद प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में परीक्षा से जुड़े सभी अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि शासन की निर्देश पुस्तिका का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रदेशभर में UPTET का आयोजन 2, 3 और 4 जुलाई को निर्धारित है।

जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा में तैनात सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक, सह केंद्र व्यवस्थापक, कक्ष निरीक्षक एवं अन्य अधिकारी परीक्षा संबंधी प्रत्येक दिशा-निर्देश का गंभीरता से अनुपालन करें। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक सामग्री समय से उपलब्ध करा दी जाए, ताकि केंद्र व्यवस्थापकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

बैठक में डीएम ने विशेष रूप से निर्देश दिए कि प्रत्येक सेक्टर मजिस्ट्रेट परीक्षा शुरू होने से पहले प्रमाणित करें कि उनके क्षेत्र के सभी परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि तैयारियों का यह प्रमाण पत्र प्रशासन के लिए महत्वपूर्ण होगा और किसी भी कमी की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारी की होगी।

19 परीक्षा केंद्रों पर 31,560 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा, सेक्टर मजिस्ट्रेट से मांगा जाएगा तैयारियों का प्रमाण पत्र

परीक्षार्थियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी ने नगर पालिका को सभी परीक्षा केंद्रों पर शुद्ध पेयजल और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं मुख्य चिकित्सा अधिकारी को गर्मी से बचाव के लिए प्रत्येक केंद्र पर ओआरएस के पैकेट उपलब्ध कराने को कहा गया। साथ ही महिला अभ्यर्थियों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त महिला कार्मिकों की तैनाती सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।

विद्युत व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन पूरी तरह सतर्क दिखाई दिया। जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता को निर्देशित किया कि परीक्षा के दौरान किसी भी केंद्र पर बिजली आपूर्ति बाधित न होने पाए। यदि तकनीकी कारणों से विद्युत आपूर्ति प्रभावित होती है तो तत्काल जनरेटर के माध्यम से निर्बाध बिजली उपलब्ध कराई जाए।

बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक ने परीक्षा की तैयारियों का विस्तृत खाका प्रस्तुत करते हुए बताया कि जनपद में 2, 3 एवं 4 जुलाई को कुल पांच पालियों में परीक्षा आयोजित होगी। प्रथम पाली सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक संचालित होगी। जनपद में कुल 19 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 31,560 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। प्रत्येक पाली में 6,312 परीक्षार्थी शामिल होंगे।

उन्होंने बताया कि परीक्षा संचालन के लिए 19 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 19 स्टेटिक मजिस्ट्रेट, 19 केंद्र व्यवस्थापक, 19 सह केंद्र व्यवस्थापक तथा 526 कक्ष निरीक्षकों की तैनाती की गई है। प्रशासन का उद्देश्य परीक्षा को पूरी तरह शांतिपूर्ण, सुचितापूर्ण और सकुशल संपन्न कराना है।

बैठक में पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अरुण कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Anuj Singh
Anuj Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *