
जनपद को कुपोषण मुक्त बनाने की दिशा में एक बार फिर व्यापक अभियान शुरू होने जा रहा है। शासन के निर्देशानुसार जून से सितम्बर तक संचालित होने वाले “सम्भव अभियान 6.0” के सफल संचालन के लिए फर्रुखाबाद में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अभियान का उद्देश्य गंभीर कुपोषित (SAM) बच्चों की पहचान और उपचार के साथ-साथ गर्भवती महिलाओं एवं धात्री माताओं के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी सुनिश्चित करना है।
अभियान के तहत जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर 0 से 6 वर्ष तक के बच्चों का शत-प्रतिशत वजन और लंबाई मापन कराया जाएगा। इस प्रक्रिया के दौरान गंभीर कुपोषित बच्चों को चिन्हित कर स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से उनका ई-कवच पोर्टल पर पंजीकरण कराया जाएगा तथा आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग द्वारा छह प्रकार की आवश्यक दवाओं की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है, ताकि बच्चों को कुपोषण की गंभीर श्रेणी से बाहर लाया जा सके।
इसके साथ ही गर्भवती एवं धात्री महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण, गर्भावस्था के दौरान वृद्धि निगरानी और पोषण ट्रैकर एप पर आंकड़ों का नियमित फीडिंग कार्य किया जाएगा। छह माह से अधिक आयु के बच्चों के अभिभावकों को पूरक आहार, संतुलित पोषण और बाल स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां देकर जागरूक किया जाएगा, जिससे कुपोषण की रोकथाम में समुदाय की भागीदारी बढ़ सके।
फर्रुखाबाद ने पिछले वर्षों में सम्भव अभियान के क्रियान्वयन में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। वर्ष 2024 में जनपद को प्रदेश स्तर पर चौथा स्थान मिला था, जबकि वर्ष 2025 में जिले ने दूसरा स्थान प्राप्त कर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई। अब प्रशासन और आईसीडीएस विभाग ने वर्ष 2026 में प्रथम स्थान प्राप्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसी उद्देश्य से सभी बाल विकास परियोजना अधिकारियों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को पहले ही आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जा चुके हैं।
सम्भव अभियान 5.0 में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए फर्रुखाबाद के जिला कार्यक्रम अधिकारी सुनील कुमार श्रीवास्तव, शमसाबाद की बाल विकास परियोजना अधिकारी मीनाक्षी सिंह, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री सोनी शर्मा तथा आंगनबाड़ी सहायिका मालती शर्मा को 18 जून 2026 को प्रदेश स्तर पर सम्मानित किया गया। यह सम्मान प्रदेश सरकार की ओर से महिला एवं बाल विकास मंत्री बेबी रानी मौर्य द्वारा प्रदान किया गया।
इसी क्रम में आयोजित जिला स्तरीय समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग और आईसीडीएस विभाग के संयुक्त प्रयासों की सराहना करते हुए जिला कार्यक्रम अधिकारी को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि विभागीय समन्वय, जनसहभागिता और प्रभावी कार्ययोजना के माध्यम से फर्रुखाबाद इस वर्ष प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करने की दिशा में गंभीरता से कार्य करेगा।
बैठक के दौरान सम्भव अभियान 6.0 की विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत की गई। अधिकारियों ने ग्राम पंचायत स्तर पर जनजागरूकता बढ़ाने, स्वास्थ्य एवं आईसीडीएस विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा अभियान के प्रभावी संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की। प्रशासन का मानना है कि यदि समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित हुई तो जिले में कुपोषण उन्मूलन की दिशा में उल्लेखनीय परिणाम देखने को मिल सकते हैं






