ट्रांसजेंडर पहचान से नाराज पिता ने बेटी को नहर में फेंका, गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। अपनी 14 वर्षीय बेटी की ट्रांसजेंडर पहचान से नाराज एक पिता ने कथित तौर पर पहले उसकी बेरहमी से पिटाई की और बाद में उसे नहर में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है।

मौसी के घर ले जाने के बहाने निकला था पिता

पुलिस के अनुसार, आरोपी अपनी बेटी को मौसी के घर ले जाने का बहाना बनाकर स्कूटर से घर से निकला था। रास्ते में बडेराहर और बुंचपुर गांवों के बीच उसने स्कूटर रोक दिया और बेटी की लैंगिक पहचान को लेकर उसे अपशब्द कहने लगा।

लाठी से पीटा, फिर नहर में फेंककर हुआ फरार

आरोप है कि इसके बाद पिता ने लाठी से किशोरी की जमकर पिटाई की और उसे पटना नहर में फेंककर मौके से फरार हो गया। नहर में उस समय पानी का स्तर कम होने के कारण किशोरी बहते हुए किनारे की ओर आ गई और उसकी जान बच गई।

राहगीरों ने बचाई किशोरी की जान

किशोरी की चीख-पुकार सुनकर आसपास से गुजर रहे लोगों ने उसे नहर से बाहर निकाला और तत्काल नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया।

आरोपी पिता गिरफ्तार, जांच जारी

पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *