फर्रुखाबाद में लेंसकार्ट शोरूम पर हिंदू रक्षा दल का प्रदर्शन, कर्मचारियों को लगाया तिलक

फर्रुखाबाद के ठंडी सड़क स्थित लेंसकार्ट शोरूम पर सोमवार को हिंदू रक्षा दल के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। संगठन के कार्यकर्ता शोरूम पहुंचे और वहां कर्मचारियों को तिलक लगाकर तथा कलावा बांधकर अपना विरोध दर्ज कराया। इस दौरान ‘जय श्री राम’ के नारे भी लगाए गए। बताया गया कि यह प्रदर्शन कंपनी से जुड़े एक कथित बयान को लेकर किया गया। शोरूम शहर के लाल गेट क्षेत्र के पास स्थित है और स्थानीय स्तर पर प्रमुख ऑप्टिकल स्टोर के रूप में जाना जाता है।

कथित बयान को लेकर जताई नाराजगी

हिंदू रक्षा दल के प्रांत अध्यक्ष ने कहा कि भारत की सांस्कृतिक पहचान सनातन परंपरा से जुड़ी हुई है और किसी भी प्रकार के कथित आपत्तिजनक बयान को संगठन बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि संगठन ने विरोध के माध्यम से अपनी भावनाएं शांतिपूर्ण तरीके से व्यक्त की हैं और समाज में सांस्कृतिक मूल्यों के सम्मान की मांग की है।

कर्मचारियों की सहमति से लगाया गया तिलक

जिलाध्यक्ष शिवम गुप्ता के अनुसार, पदाधिकारी पहले शोरूम के मुख्य गेट पर पहुंचे और वहां प्रतीकात्मक रूप से तिलक लगाया। इसके बाद कार्यकर्ता अंदर गए और कर्मचारियों के सामने अपनी बात रखी। संगठन का दावा है कि कर्मचारियों की सहमति के बाद उन्हें तिलक लगाया गया और कलावा बांधा गया। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे, हालांकि पूरे प्रदर्शन के दौरान किसी तरह की तोड़फोड़ या हिंसा की सूचना नहीं मिली।

देशभर में लेंसकार्ट को लेकर बढ़ी बहस

हाल के दिनों में लेंसकार्ट को लेकर देश के कई हिस्सों में विवाद सामने आए हैं। देहरादून में भी एक शोरूम में कर्मचारियों को तिलक लगाने और कलावा बांधने का मामला सामने आया था, जिस पर राजनीतिक प्रतिक्रिया भी हुई। कंपनी की ओर से पहले जारी बयान में कहा गया था कि वह धर्मनिरपेक्ष मूल्यों में विश्वास रखती है और किसी भी धर्म विशेष के पक्ष या विरोध में नहीं है।

Anuj Singh
Anuj Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News