प्रेम संबंध में दरार बनी हत्या की वजह, काली नदी किनारे मिली युवती के शव का खुलासा

फर्रुखाबाद के जहानगंज थाना क्षेत्र में काली नदी किनारे मिले युवती के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी अनीस को गिरफ्तार करते हुए हत्या में प्रयुक्त चाकू, गमछा और मोटरसाइकिल बरामद की है। शुरुआती जांच में यह मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा सामने आया है, जिसमें आरोपी ने युवती के किसी अन्य युवक से बातचीत करने पर नाराज होकर हत्या कर दी।

17 अप्रैल को काली नदी किनारे मिला था शव

पुलिस के अनुसार, 17 अप्रैल को जहानगंज थाना क्षेत्र में काली नदी पुल के पास झाड़ियों में एक अज्ञात युवती का शव मिला था। शव पर धारदार हथियार से कई वार के निशान थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए पहचान कराने के प्रयास शुरू किए थे। सोशल मीडिया, डीसीआरबी और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की मदद से जांच आगे बढ़ाई गई।

सोशल मीडिया और CCTV से हुई युवती की पहचान

जांच के दौरान मृतका की पहचान कन्नौज जिले के छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला भैनपुरा नई बस्ती निवासी प्रतीक्षा पाल उर्फ अंशिका के रूप में हुई। परिवार के मुताबिक, वह घर से मां की दवा लेने के लिए निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। पुलिस ने पहचान के बाद परिजनों को सूचना दी और मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज किया।

2-3 साल से चल रहा था प्रेम संबंध

अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी अनीस पुत्र वीरेंद्र सिंह निवासी नारायणपुर का मृतका के साथ पिछले दो से तीन वर्षों से प्रेम संबंध था। हाल के दिनों में युवती ने उससे दूरी बनानी शुरू कर दी थी और किसी अन्य युवक से बात करने लगी थी। इसी बात से आरोपी नाराज था और उसने हत्या की योजना बनाई।

बातचीत के बहाने ले गया, फिर चाकू से की हत्या

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि घटना वाले दिन वह चाकू लेकर युवती के घर पहुंचा। उसने बातचीत के बहाने युवती को अपनी बाइक पर बैठाया और काली नदी पुल के पास झाड़ियों में ले गया। वहां दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद आरोपी ने गुस्से में आकर युवती के गले पर चाकू से कई वार कर दिए। हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने बरामद किए हत्या में इस्तेमाल सामान

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चाकू, गमछा और बाइक बरामद कर ली है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। पुलिस लाइन में मामले के खुलासे के दौरान सीओ मोहम्मदाबाद अजय वर्मा समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Anuj Singh
Anuj Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News